MP

तेज़ हवा-बारिश से महाकाल लोक की मूर्तियाँ टूट कर गिरीं, भ्रष्टाचार की आंधी का तांडव!

प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त होने को कांग्रेस ने महाकाल लोक के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार से जोड़ा

उज्जैन (जोशहोश डेस्क) रविवार को तेज आंधी के कारण उज्जैन में निर्मित महाकाल लोक की कुछ मूर्तियां गिरकर टूट गई। खंडित प्रतिमाओं में सप्तऋषियों की 6 मूर्तियां भी शामिल हैं। अच्छा यह रहा कि इस दौरान किसी भी श्रद्धालु को चोट नहीं आई। तेज़ हवा-बारिश से प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त होने को विपक्षी दल कांग्रेस ने महाकाल लोक के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार से जोड़ा है।

रविवार शाम 4 बजे तेज़ हवा पानी से बड़ी मूर्तियां क्षतिग्रस्त हुईं। घटना के बाद आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया। वहीं प्रशासन में हड़कंप का आलम यह था कि मीडिया को भी महाकाल लोक में जाने से रोक दिया गया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इन मूर्तियों के निर्माण में करोड़ों का भ्रष्टाचार हुआ है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट के चेयरमैन केके मिश्रा ने ट्वीट किया कि “भ्रष्टाचार लोक” के कारण उज्जैन स्थित “महाकाल महालोक” में स्थापित सप्त ऋषियों की मूर्तियां गिरी,खंडित हुई!! भ्रष्टाचार की आंधी ने मचाया तांडव! क्या अब महाकाल के राजदंड (सिंगोल) से कोई भी नहीं बचेगा,संदेश स्पष्ट. भक्तों की संसद है सबसे बड़ी… कहां है जीरो टोलरेंस?

गौरतलब है कि महाकाल लोक के निर्माण के समय बड़े-बड़े दावे किए गए थे। कहा गया था कि यह मूर्तियां ना तो आंधी तूफान से खराब होंगी और ना ही इस पर बारिश का कोई असर पड़ेगा, लेकिन प्लास्टर ऑफ पेरिस और प्लास्टिक की बनी इन मूर्तियों में पहली बारिश में ही टूट-फूट हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 11 अक्टूबर 2022 को ‘महाकाल लोक’ का लोकार्पण किया था।

Back to top button