Politics

राहुल गांधी ने थामी बजरंग की गदा, प्रियंका बोलीं- मेरा भाई योद्धा

दिल्ली से गाजियाबाद के रास्ते भारत जोड़ो यात्रा ने यूपी में किया प्रवेश, प्रियंका गांधी ने भी यात्रा को किया संबोधित

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उत्तरप्रदेश में प्रवेश कर गई। मंगलवार को 9 दिन के ब्रेक के बाद यात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने दिल्ली में मरघट के मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए। इस बीच पुजारी ने राहुल गांधी को एक गदा भी थमाई। दिल्ली से गाजियाबाद के रास्ते यात्रा ने यूपी में प्रवेश किया।

गाजियाबाद में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी यात्रा को संबोधित किया। उन्होंने कहा मेरे बड़े भाई… इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं… योद्धा हैं।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि देश के बड़े से बड़े नेता खरीद लिए गए देश के सारे PSU खरीद लिए। अडानी और अंबानी ने देश की मीडिया खरीद ली लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और न हीं कभी खरीद पाएंगे।

प्रियंका गांधी के साथ मंच पर राहुल गांधी भी नज़र आये। हालाँकि उन्होंने मंच से कोई भाषण नहीं दिया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उत्तरप्रदेश में 3 दिन में करीब 130 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से यात्रा गुजरेगी। यह 11 विधानसभाओं को कवर करेगी।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला भी मंगलवार को गाजियाबाद में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। पूर्व रॉ चीफ ए एस दुलत ने भी आज भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी संग कदम मिलाए। वहीं यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा में निमंत्रण के लिए धन्यवाद किया और भारत जोड़ो की मुहिम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

अखिलेश यादव ने धन्यवाद देते हुए लिखा था कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक अवधारणा है। इसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और मैत्री ऐसे सकारात्मक तत्व हैं जो भारत को एक सूत्र में बांधते हैं। यह यात्रा देश की इस समावेशी संस्कृति को बनाए रखने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस यात्रा में शामिल होने के लिए लिखी गई चिट्ठी के लिए राहुल को धन्यवाद भी दिया था।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब तक करीब दो हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुकी है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से प्रांरभ हुई यात्रा ने केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक का सफर पूरा करने के बाद उत्तरप्रदेश में प्रवेश किया है।

Back to top button