MP

5 साल बीते: ‘शिव-राज’ को लजाने वाली पुलिया बनी न पुल, अब अपने ही खिलाफ

पांच साल बाद भी पूरी नहीं हो सकीं मुख्यमंत्री शिवराज चौहान द्वारा की गईं घोषणाएं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पांच साल पुरानी दो घोषणाएं इन दिनों सुर्खियों में है। एक पुलिया और एक पुल के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज ने पांच साल पहले जो घोषणाएं की थीं वे आज भी पूरी नहीं हुई हैं। इनमें एक पुलिया ने तो शिवराज सरकार की जमकर किरकिरी कराई थी। वहीं दूसरी घोषणा के पूरी न होने पर तो भाजपा के पूर्व विधायक ही अपनी सरकार के खिलाफ उपवास पर बैठ गए हैं।

पांच साल पहले साल 2016 में 22 अगस्त का दिन मुख्यमंत्री शिवराज के लिए कभी न भूलने वाला रहा होगा। इस दिन अमानगंज पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज को कमताना पुलिया पर पानी भरा होने के कारण सुरक्षाकर्मियों गोद में उठाकर ले जाते दिखाई दिए थे। मुख्यमंत्री शिवराज की यह तस्वीर सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुई थी और शिवराज सरकार की बेहद किरकिरी भी हुई थी।

तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तुरंत ही बिजावर से अमानगंज मार्ग के निर्माण का ऐलान किया था लेकिन पांच साल बाद भी कमताना पुलिया और इस मार्ग का काम अधूरा है। इस मार्ग का विकल्प न होने से हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश ने हालात और विकट कर दिए हैं। मिट्टी में वाहन फिसलने के कारण चलना तक मुश्किल हो रहा है।

दैनिक पत्रिका ने इस पुलिया और मार्ग को लेकर विस्तृत खबर प्रकाशित की है-

दूसरी ओर अनूपपुर में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा पांच साल बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। इस ओवरब्रिज का निर्माण शुरू न होने पर भाजपा के ही पूर्व विधायक रामलाल रौतेल उपवास पर बैठ गए हैं। जनहित के इस मुद्दे पर उन्हें कई भाजपा कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिल रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अनूपपुर में साल 2016 को एक जनसभा में इस ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा की थी। बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज के लिए प्रशासकीय स्वीकृति और बजट भी मंजूर हो चुका है। इसके बाद भी ओवरब्रिज का निर्माण शुरू तक नहीं हो सका है।

गौरतलब है कि कांग्रेस भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर उनकी घोषणाओं को लेकर हमलावार रहती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने तो यहां तक कहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जेब में नारियल लेकर चलते हैं। हाल ही में बड़वानी में आयोजित जनसभा में कमलनाथ ने कहा था कि शिवराज सिंह बीते दो साल में चार हजार और 15 सालों में 22 हजार से ज्यादा घोषणाएं कर चुके हैं।

Back to top button