Politics

सीमा-विवाद: असम के CM हेमंत सरमा के खिलाफ हत्या की साजिश का केस ?

मिजोरम सरकार ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ हत्या की साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज किया है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) असम-मिजोरम सीमा का विवाद थमने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। हिंसक झड़प में पांच पुलिस कर्मियों की मौत के बाद मिजोरम सरकार ने असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के खिलाफ हत्या की साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज किया है। मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व सरमा के अलावा राज्य पुलिस के चार वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए हैं।

इससे पहले असम पुलिस ने मिज़ोरम के सांसदों के अलावा कोलासिब जिले के पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त समेत मिजोरम सरकार के छह अधिकारियों को धोलाई पुलिस थाने में सोमवार को पेश होने के लिए समन जारी किया था।

दूसरी ओर असम सरकार शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी कर अपने राज्य के नागरिकों से मिज़ोरम न जाने की अपील कर चुकी है। एडवाइजरी में मिजोरम में असम के नागरिकों की जान को ख़तरा बताया है। असम के गृह विभाग की ओर से जारी इस एडवाइजरी में कहा गया था कि असम के जो लोग कामकाज की वजह से वहां हैं, वे अतिरिक्त सावधानी बरतें।

दोनों ही राज्यों में भाजपा सरकार होने के कारण इस विवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की आलोचना हो रही है। गृहमंत्री अमित शाह तो हिंसक झड़प होने से दो दिन पहले ही असम के दौरे पर पहुंचे थे।

गौरतलब है कि मिजोरम सरकार का आरोप है कि सीमा विवाद की शुरुआत असम से हुई है। असम की ओर से पहली फायरिंग की गई, जिसके बाद मिजोरम पुलिस ने जवाब दिया। मिजोरम पुलिस ने असम के अधिकारियों की एक टीम पर सोमवार को गोलीबारी कर दी थी जिसमें में असम पुलिस के पांच कर्मियों और एक नागरिक की मौत हो गई थी और एक पुलिस अधीक्षक सहित 50 से अधिक अन्य लोग जख्मी हो गए थे।

Back to top button