MP

एकता परिषद के संस्थापक राजगोपाल PV को जापान का प्रतिष्ठित निवानो शांति पुरस्कार

जल, जंगल और जमीन पर गरीबों के प्राथमिक अधिकार, पर्यावरणीय सुरक्षा, युवाओं में शांति व अहिंसा की शिक्षा के लिए दिया गया पुरस्कार

भोपाल (जोशहोश डेस्क) एकता परिषद के संस्थापक और प्रख्यात गांधीवादी व सर्वोदयी नेता राजगोपाल पी.व्ही. को न्याय और शांति की सेवा में उनके असाधारण कार्य के लिए दुनिया की प्रतिष्ठित संस्था निवानों पीस फाउंडेशन, जापान का 40वां निवानो शांति पुरस्कार से नवाजा गया है। इसकी घोषणा औपचारिक रूप से निवानों संस्था के द्वारा की गयी है।

निवानों पीस फाउंडेशन के मुताबिक शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीकों के माध्यम से राजगोपाल पी.व्ही. ने देश के सबसे गरीब और हाशिए पर पड़े लोगों के लिए बिना किसी जाति व लैगिंक भेदभाव के समान मानवीय गरिमा और प्रत्येक महिला व पुरूष के समान अधिकारों की मान्यता के लिए कार्य किया है।

यह पुरस्कार जल, जंगल और जमीन पर गरीबों के प्राथमिक अधिकार, पर्यावरणीय सुरक्षा, आत्मसमर्पित बागियों के पुनर्वास, युवाओं में शांति व अहिंसा की शिक्षा के लिए दिया गया है।

राजगोपाल पी.व्ही को यह पुरस्कार 11 मई 2023 को जापान के टोक्यो शहर में एक समारोह में दिया जायेगा। इसमें एक पुरस्कार प्रमाणपत्र के अलावा श्री राजगोपाल पी.व्ही को एक पदक और बीस मिलियन येन प्राप्त होंगे। फाउंडेशन ने अपने प्रथम अध्यक्ष निक्यो निवानो के नाम पर निवानो शांति पुरस्कार शुरू किया है।अबतक 39 लोगों को निवानो शांति पुरस्कार दिया जा चुका है।

Back to top button