Politics

कर्नाटक: सर्वे में कांग्रेस को बहुमत, BJP में चुनावी भगदड़ शुरू

224 विधानसभा सीटों में से 140 से ज्यादा सीटों पर जीत का दावा, BJP फिर येदियुरप्पा के भरोसे

बेंगलुरु (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से पहले कर्नाटक में होने वाले विधानसभा को लेकर कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ कांग्रेस के इंटरनल सर्वे से पार्टी उत्साहित है। सर्वे में कांग्रेस को बहुमत के साथ बड़ी जीत मिलने की उम्मीद जताई गई है। कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी सर्वे को लेकर बड़ा दावा किया है।

डीके शिवकुमार ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी के सर्वे में उन्हें राज्य की कुल 224 विधानसभा सीटों में से 140 से ज्यादा सीटों पर जीत मिल सकती है। डीके शिवकुमार ने यह भी दावा किया कि चुनावों से पहले बीजेपी के कई विधायक कांग्रेस पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

इससे पहले मंगलवार को बीजेपी के दो पूर्व विधायकों और मैसुरू के पूर्व मेयर के कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस में इन नेताओं का स्वागत करते हुए शिवकुमार ने यह दावा भी किया कि भाजपा 2022 के गुजरात चुनाव के परिणाम के फौरन बाद कर्नाटक में चुनाव कराना चाहती थी लेकिन संभावित हार को देखते हुए पीछे हट गई।

कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई 2023 को समाप्त हो रहा है। ऐसे में सभावना है कि साल के बीच में राज्य में विधानसभा के चुनाव के बाद नई सरकार बन जाएगी। सत्ताधारी भाजपा की उम्मीदें एक बार फिर वरिष्ठ नेता और पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य बीएस येदियुरप्पा पर जा टिकी हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद 80 वर्षीय येदियुरप्पा चुनावी राजनीति से पहले ही अपने रिटायरमेंट की घोषणा कर चुके हैं। अब तक के समीकरणों के मुताबिक़ अगर येदियुरप्पा चुनाव से पीछे हटते हैं तो यह भाजपा के लिए मुश्किलों भरा हो सकता है।

यही कारण है कि राज्य में सत्ता विरोधी माहौल को देखते हुए भाजपा एक बार फिर येदियुरप्पा को महत्व देना शुरू कर दिया है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब शिवमोगा एयरपोर्ट के लोकार्पण के लिए पहुँचे थे तो उन्होंने येदुरप्पा को मंच पर काफ़ी महत्व दिया था। प्रधानमंत्री मोदी मंच पर येदियुरप्पा का हाथ थामे नज़र आये थे।

Back to top button