MP

धार के मुसलमान भी दे रहे राम मंदिर के लिए चंदा

धार में मुस्लिम समुदाय ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए करीब चार लाख रुपए दिए हैं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य जोर-शोर से प्रारंभ हो गया है। राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने भाजपा-संघ और विहिप देश भर के पांच लाख से ज्यादा गांवों के 13 करोड़ परिवारों तक पहुंच रहे हैं। वहीं प्रदेश के धार जिले में मुस्लिम समुदाय ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए करीब चार लाख रुपए दिए हैं।

धार जिले के दो परिवारों ने सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल कायम करते हुए यह राशि दी है। पीथमपुर सागौर के एकता परिवार और पीथमपुर चौपाटी के मेहर परिवार ने मंदिर निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपए का चेक दिया।

इससे पहले विश्व हिंदु परिषद ने भी यह कहा था कि जो भी मुसलमान भाई राम जी के काज में सहयोग देना चाहते हैं विहिप उनका स्वागत करेगी। हाल ही में भोपाल में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा था कि वे उन सभी से सहयोग लेने को तैयार हैं जो राम को अवतार मानते हैं, जो महापुरुष मानते हैं और जो उन्हें इमाम-ए-हिंद मानते हैं, उनसे भी।

किन्नर गुरु ने दिए पांच लाख 51 हजार
दूसरी ओर राम मंदिर निर्माण के लिए विदिशा के किन्नर गुरु रत्ना ने पांच लाख 51 हजार की राशि दी है। रत्ना का कहना है कि भगवान के नाम पर ही हम बधाई स्वरूप लोगों से धन लेते हैं। यह भगवान का आशीर्वाद रहता है कि लोग भी हमें खाली हाथ नहीं लौटाते। अब भगवान के नाम पर ही मिले धन से हम ज्यादा से ज्यादा राशि मंदिर निर्माण के लिए देकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

उज्जैन की दादी ने दिए थे एक लाख

उज्जैन की 95 वर्षीय कमेरी बाई खंडेलवाल ने विहिप के धन संग्रह अभियान के तहत एक लाख की राशि दी थी उन्होंने यह राशि अपनी बचत से दी थी।उन्होंने यह राशि महामंडलेश्वर आचार्य शेखर एवं महामण्डलेश्वर परमहंस ड़ॉ. अवधेशपुरी महाराज को समर्पित की।

यह है धन संग्रहण का कार्यक्रम
हाल ही में विश्व संवाद केंद्र में आयोजित बैठक के बाद विहिप ने धन संग्रहण को लेकर अपने कार्यक्रम की जानकारी दी थी। कार्यक्रम के मुताबिक अब विहिप कार्यकर्ता 5.25 लाख गांवों में जाएंगे और 11 की बजाय 13 करोड़ परिवारों से निधि संग्रह करेंगे। दस से 1000 रुपए के कूपन रहेंगे और 2000 रुपए या उससे अधिक राशि पर रसीद दी जाएगी।

Back to top button