MP

निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियों पर आज लगेगी मुहर?

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच अहम बैठक होने की जानकारी आ रही है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में निगम-मंडलों में बहुप्रतीक्षित राजनीति नियुक्तियों पर रविवार को मुहर लग सकती है। दिल्ली से लौटकर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच अहम बैठक होने की जानकारी आ रही है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में ही निगम मंडलों के नामों पर फैसला होगा। इसके बाद जल्द ही सूची जारी होने के संभावना है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच यह बैठक राजधानी भोपाल के करीब कोलार डेम के रेस्ट हाउस पर होना बताई जा रही है। बैठक में संगठन महामंत्री सुहास भगत और प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के भी पहुंचने की खबर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा आज सुबह साथ ही थे और दोनों ने भोपाल के स्मार्ट पार्क में पौधरोपण भी किया था।

निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर सबसे ज्यादा निगाह केंद्रीय मंत्री बन चुके ज्योतिरादित्य सिंधिया के उन समर्थकों के नामों पर है जो विधायक पद से इस्तीफ़ा देने के बाद उपचुनाव हार चुके हैं। इनमें इमरती देवी, एंदल सिंह कंसाना, गिर्राज डंडोतिया, कमलेश जाटव के नाम हैं।

वहीं राज्य में भाजपा के सत्ता में लौटने और उपचुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद भी निगम-मंडलों में नियुक्तियों का मामला ठंडा पड़ा था। भाजपा नेताओं को निगम-मंडलों में नियुक्तियों का बेसब्री से इंतज़ार है। कहा जा रहा है कि सिंधिया समर्थकों को मंत्रिमंडल में जगह दिए जाने से भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के अरमान अधूरे रह गए थे। अब ऐसे नेताओं को निगम-मंडलों में स्थान मिलने की उम्मीद है।

Back to top button