MPPolitics

CM शिवराज के खिलाफ़ चुनाव लड़ने को तैयार अब कमलनाथ के दीपक जोशी

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल, कमलनाथ की मौजूदगी में ली कांग्रेस की सदस्यता

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले शनिवार को एक बड़े घटनाक्रम के तहत पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद दीपक जोशी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ बुदनी से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। दीपक जोशी के साथ दतिया जिले से विधायक रहे राधेलाल बघेल भी कांग्रेस में शामिल हो गए।

दीपक जोशी अपने पिता कैलाश जोशी की तस्वीर लेकर अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ से मिले। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष गोविन्द सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली। जोशी के कांग्रेस का हाथ थामने के साथ ही उनको लेकर चल रही अटकलों पर विराम भी लग गया।

कांग्रेस की सदस्यता लेने से बाद मीडिया से चर्चा में दीपक जोशी ने कहा कि मैंने साफ कह दिया है कि मैं कांग्रेस के उस कार्यकर्ता का हिस्सा नहीं लूंगा, जो साढ़े चार साल से काम कर रहा है। मैंने पहले भी कहा है कि कांग्रेस में कोई चुनाव नहीं लडूंगा। पार्टी को अगर लगता है कि चुनाव लड़ाना है, तो मैं बुधनी सेCM शिवराज के खिलाफ चुनाव लड़ने को तैयार हूं। देवास में कोई चुनाव नहीं लडूंगा।

दीपक जोशी ने यह भी कह कि जनसंघ के चुनाव चिह्न दीपक को बीजेपी ने अपनी विचारधारा के साथ कहीं न कहीं विलोपित कर दिया। इसीलिए आज मैं कांग्रेस के साथ हूं। मेरी विरासत ईमानदारी की है, उस पर मैं चलूंगा और निरंतर रहूंगा। शिवराज जी भले छोटा भाई मानते हों, लेकिन वे मेरे बड़े भाई कभी नहीं हैं। बहुत बदल गए हैं। उनको जिस प्रकार का काम करना चाहिए, वह काम नहीं कर पा रहे हैं।

दीपक जोशी का कांग्रेस में स्वागत करते हुए कमलनाथ ने कहा कि दीपक जोशी दूसरी कांग्रेस का नहीं बल्कि सच्चाई का साथ देने आए हैं। कमलनाथ ने यह भी कहा कि दूसरे दलों के नेता जो सच्चाई का साथ देना चाहते हैं उनका कांग्रेस में स्वागत रहेगा। साथ ही उन्होंने दीपक जोशी के पिता कैलाश जोशी के साथ बतौर सांसद बिताये लम्हों को याद भी किया।

कमलनाथ ने कैलाश जोशी की सादगी और समाज सेवा का स्मरण करते हुए उन्हें संत नेता बताया और कहा कि ऐसे नेता किसी भी राजनीतिक दल में हों उनका सम्मान किया जाना चाहिए। दीपक जोशी को टिकट दिए जाने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने टिकट का फैसला स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय पर किया जाता है।

वहीं मीडिया से चर्चा में दीपक जोशी ने यह आरोप भी लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके पिता का स्मारक बनाने जमीन नहीं दी। दीपक जोशी ने कहा कि मेरे पिता मुख्यमंत्री रहे। भोपाल से सांसद रहे। वहां से वोटर रहे। उनके नाम पर कुछ नहीं। कमलनाथ की तारीफ़ करते हुए दीपक जोशी ने कहा कि उनके स्मारक बनाने की मांग पर कमलनाथ जी ने हाटपिपलिया में तीन महीने में जमीन का आवंटन कर दिया। शिवराज जी को 30 महीने स्मारक की स्वीकृति देने में लग गए।

Back to top button