MP

MP चुनाव: कांग्रेस ने चार सीटों पर बदले कैंडिडेट, आमला पर इंतज़ार

सुमावली, पिपरिया, बड़नगर और जावरा विधानसभा सीटों पर नए नामों का ऐलान

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों के ऐलान के बाद नाराज़गी को देखते हुए कांग्रेस ने अपने चार प्रत्याशियों को बदल दिया है। कांग्रेस ने बुधवार को सुमावली, पिपरिया, बड़नगर और जावरा विधानसभा सीटों पर अपने घोषित प्रत्याशियों के स्थान पर नए नामों का ऐलान किया। वहीं अमला सीट पर इस्तीफे के बाद पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बारंगे की उम्मीदवारी को लेकर फैसला नहीं हो सका है।

कांग्रेस ने अपनी सूची में संशोधन करते हुए अब सुमावली सीट पर अजब सिंह कुशवाहा को कुलदीप सिकरवार की जगह और पिपरिया से वीरेंद्र बेलवंशी को गुरूचरण खरे के स्थान पर उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह बड़नगर में विधायक मुरली मोरवाल को एक बार फिर मौका दिया है। मुरली मोरवाल को राजेंद्र सिंह सोलंकी के स्थान पर उतारा गया है। वहीं जावरा से हिम्मत श्रीमाल के बजाए अब वीरेंद्र सिंह सोलंकी मैदान में होंगे।

इधर छतरपुर की एसडीएम निशा बांगरे का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अटकलें हैं कि कांग्रेस आमला सीट से उम्मीदवार बदल भी सकती है। कांग्रेस आमला सीट पर मनोज मालवे को उम्मीदवार बना चुकी है। हालांकि कांग्रेस की ओर से टिकट पाने वाले मनोज मालवे का कहना है कि पार्टी का जो भी फैसला होगा मंजूर होगा।

माना जा रहा था कि बांगरे आमला विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस भी इसके लिए निशा बांगरे का इस्तीफा स्वीकार होने का इंतजार कर रही थी लेकिन नामांकन में देरी और कम दिन बचे होने के कारण कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी थी। बताया जा रहा है कि निशा बांगरे आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाक़ात कर सकती हैं। इसके बाद ही तस्वीर साफ़ होने की उम्मीद है।

Back to top button