Politics

कर्नाटक में BJP को बड़ा झटका, पूर्व CM जगदीश शेट्टार कांग्रेस में शामिल

शेट्टार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में दिलाई सदस्यता

बेंगलुरु (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। टिकट नहीं मिलने से नाराजगी के चलते उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। शेट्टार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में सदस्यता दिलाई। सत्ताधारी भाजपा को चुनाव से पहले यह बड़ा झटका माना जा रहा है।

जगदीश शेट्टार ने भाजपा पर अपमानित करने के आरोप लगाए थे। जगदीश शेट्टार को मनाने के लिए भाजपा की ओर से कोशिशें की गई थीं, लेकिन वह राजी नहीं हुए। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह राज्य में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं।

कांग्रेस ने जगदीश शेट्टार का स्वागत करते हुए कहा कि शेट्टार जी ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है और देश को तानाशाही सरकार से बचाने की लड़ाई में शामिल हो गए हैं।

वहीं कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने शेट्टार के कांग्रेस में आने के बाद राज्य में 150 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया है। सिद्धारमैया ने कहा कि जैसा व्यवहार भाजपा ने शेट्टार के साथ किया, वैसा किसी के साथ नहीं होना चाहिए। भाजपा ने उनके समुदाय (लिंगायत) और उनके समर्थकों का अपमान किया है।

शेट्टार ने बागी तेवर अपनाते हुए कहा था कि उन्हें टिकट न दिए जाने का असर राज्य में कम से कम 20 से 25 सीटों पर पड़ेगा। शेट्टार ने कहा, ‘पार्टी को यह सुनिश्चित करना होगा कि इसका कोई नकारात्मक असर न पड़े।’ हालांकि अंत में वह पार्टी नेतृत्व के मनाने पर भी नहीं माने और कांग्रेस में ही चले गए।

पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भी कहा था कि यदि शेट्टार को टिकट नहीं मिलता है, तो इसका केवल एक क्षेत्र पर असर नहीं पड़ेगा… इसका उत्तरी कर्नाटक में कई निर्वाचन क्षेत्रों पर तत्काल असर पड़ेगा… कम से कम 20 से 25 निर्वाचन क्षेत्रों पर।’ उन्होंने कहा, ‘इसका निश्चित तौर पर पूरे कर्नाटक पर असर पड़ेगा, लेकिन तत्काल असर 20 से 25 सीटों पर देखा जाएगा।’

Back to top button