MP

स्वतंत्रता दिवस: आगर में तिरंगे से ऊंचा BJP का झंडा, कांग्रेस ने बताया राष्ट्रदोह

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आगर में भाजपा के जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण के दौरान विवाद की स्थिति बन गई।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) देश भर में आज आजादी का उत्सव मनाया जा रहा है। जगह जगह तिरंगे फहरा कर भारत माता की जय के नारे लगाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले पर ध्वजारोहण किया। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में तिरंगा फहराया। दूसरी ओर प्रदेश के आगर में जिला भाजपा कार्यालय पर तिरंगे की ऊंचाई को लेकर विवाद हो गया।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आगर में भाजपा के जिला मुख्यायल पर ध्वजारोहण के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। दरअसल ध्वजारोहण के बाद यह देखा गया कि भवन पर तिरंगे से ऊपर भारतीय जनता पार्टी का झंडा लहरा रहा था। कुछ पत्रकारों ने इसका विरोध भी किया तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने तर्क वितर्क करना शुरू कर दिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी का झंडा भवन पर पहले से ही लगा हुआ था और तिरंगा सर्वोपरि है। ऐसे में विवाद बेमानी है। वहीं स्थानीय कांग्रेस विधायक विपिन वानखेडे ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा के लिए सदैव ही पार्टी पहले है देश बाद में। तिरंगे से ऊपर पार्टी का झंडा होना इसे साबित भी कर रहा है।

भारतीय ध्वज संहिता-2002 मुताबिक किसी दूसरे झंडे या पताका को राष्ट्रीय ध्वज से ऊंचा या ऊपर नहीं लगाया जा सकता और न ही बराबर ऊंचाई में रखा जा सकता है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भी आगर में हुई घटना का विरोध किया। प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसे राष्ट्रदोह बताया गया-

वहीं स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य में कई स्थानों पर ध्वजारोहण हुआ। मुख्य कार्यक्रम राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ। यहाँ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ध्वजवंदन कर परेड की सलामी ली।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को बनाना केवल सरकार का काम नहीं है, इसे बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। हमने इसके लिए जनभागीदारी का मॉडल बनाया है। जनता के कल्याण की योजनाएँ जनता के साथ मिलकर बनाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि आप सभी आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में अपना सहयोग दें। आप अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करें।

वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में पार्टी कार्यालय राजीव भवन पर पर झंडावंदन किया।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी चन्दप्रभाष शेखर द्वारा ध्वजारोहण किया गया एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के संदेश का वाचन किया गया।

Back to top button