MP

नंदकुमार सिंह चौहान का निधन, कोरोना से हार गए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का निधन हो गया। वे लंबे समय से कोरोना से ग्रसित थे।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और खंडवा के सांसद नंदकुमार सिंह चौहान (Nandkumar singh chouhan) का निधन हो गया। वे लंबे समय से कोरोना से ग्रसित थे। कोरोना पाॅजिटिव होने के बाद उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था हालत बिगड़ने पर उन्हें फिर एयरलिफ्ट कर गुरुग्राम ले जाया गया था। गुरुग्राम के मेदांता हाॅस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

11 जनवरी को उनकी कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी थी। रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद नंदकुमार सिंह को भोपाल के चिरायु अस्पताल में एडमिट कराया गया था।

लगातार इलाज के बाद भी उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं आ पाया था है। उनका संक्रमण काफी बढ़ गया था। जिसके बाद वे वेंटिलेटर पर थे।
नंदकुमार सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि नंदू भैया की पार्थिव देह पहले भोपाल लाई जाएगी। प्रदेश कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद उनकी देह को हवाई मार्ग से खंडवा लाया जाएगा। अंतिम संस्कार बुधवार को उनके गृहनगर शाहपुर में होगा।

नंदकुमार सिंह चौहान 6 बार सांसद, 2 बार प्रदेश अध्यक्ष, 2 बार विधायक एवं 3 बार नगर पालिका अध्यक्ष रहे। हाल ही में उपचुनाव में नंदकुमार सिंह चौहान निमाड़ क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे थे। उन्हें नेपानगर और मांधाता सीटों की जिम्मेदारी मिली थी। नंदकुमार चौहान के प्रयासों से ही दोनों ही सीटों पर भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई है।

नंदकुमार सिंह चौहान को 16 अगस्त 2014 को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उसके बाद चौहान जनवरी 2016 में दूसरी बार प्रदेश पार्टी अध्यक्ष बनाये गए थे।अप्रैल 2018 में नंदकुमार सिंह चौहान के स्थान पर जबलपुर सांसद के चौधरी राकेश सिंह को पार्टी ने नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया था।

Back to top button