MP

निकाय चुनाव: प्रदेश भाजपा के लिए क्यों अहम अगले दो दिन?

इंदौर में अगले दो दिन भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होने जा रही है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के लिए अगले दो दिन यानी 30 और 31 जनवरी बेहद अहम साबित होंगे। इन दो दिनों में निकाय चुनाव की रणनीति के साथ ही प्रदेश में भाजपा की दिशा और दशा पर मंथन होगा।

इंदौर के एक वाटर पार्क में अगले दो दिन भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होने जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन मंत्री सुहास भगत समेत अन्य दिग्गज भाग लेंगे।

बैठक की अहमियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसमें पार्टी के राष्टीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत और फग्गन सिंह कुलस्ते के भी भाग लेने की संभावना है।

प्रदेश भाजपा ने हाल ही में अपनी नई कार्यकारिणी के साथ नगरीय निकाय के लिए चुनाव संचालन समिति की घोषणा की है। इंदौर में सत्ता और संगठन के इस दो दिन के जमावड़े में नए कार्यकारिणी सदस्यों को संगठन एक्टिव रखने के सूत्र बताए जाएंगे। इसके अलावा बैठक में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर पार्टी की रूपरेखा भी तय किए जाने की संभावना है। यही नहीं किसान आंदोलन और अन्य राष्टीय मुद्दों का मध्यप्रदेश पर असर को लेकर भी विमर्श किया जाएगा।

भारत विरोधी विचारों का मुकाबला

इंदौर में दो दिन की बैठक के दौरान ही ‘भारत विरोधी विचारों का मुकाबला’ विषय पर विशेष सत्र भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश भाजपा प्रभारी मुरलीधर राव सायबर योद्धाओं से चर्चा करेंगे।

संभाग स्तरीय सिफारिश से चुनेंगे नाम

वहीं निकाय चुनाव में भाजपा संभाग स्तर पर आई चयन सूची के आधार पर अपने दावेदारों के नाम तय करेगी। पार्टी ने यह निर्णय निकाय चुनाव संचालन समिति की पहली बैठक में लिया। इसके मुताबिक निकाय चुनाव के लिए संभाग स्तर पर रायशुमारी के बाद नाम प्रदेश संगठन को भेजे जाएंगे। इसके बाद ही नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

युवाओं पर ज्यादा फोकस
भाजपा निकाय चुनाव में नए चेहरों पर दांव खेलेगी। यह संकेत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी समय आने पर अपने प्रत्याशियों को लेकर फैसला करेगी। हालांकि यह माना जा रहा है कि पार्टी अपनी नई कार्यकारिणी की तर्ज पर ही निकाय चुनाव में नए चेहरों पर ही दांव लगाएगी।

Back to top button