MP

हॉकी टीम को मेडल: होशंगाबाद के विवेक सागर के घर जश्न, सरकार देगी 1 करोड़

भारत के ब्राॅन्ज मेडल जीतने के बाद इटारसी के गांव चंदौन में विवेक के घर ढोल ढमाके गूँज रहे हैं।

होशंगाबाद (जोशहोश डेस्क) टोक्यो ओलंपिक में भारत के ब्राॅन्ज मेडल जीतने के बाद टीम में शामिल होशंगाबाद के हॉकी स्टार विवेक सागर के घर जश्न का माहौल है। जीत के बाद से इटारसी तहसील के गांव चंदौन में विवेक के घर ढोल ढमाके गूँज रहे हैं। मिठाइयां बांटी जा रही है और बधाइयों का सिलसिला जारी है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विवेक को एक करोड़ रुपए दिए जाने का ऐलान किया है।

भारत ने गुरुवार सुबह जर्मनी को एक रोमांचक मुकाबले में हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया है। भारतीय हाॅकी इतिहास में यह मौका 41 साल बाद आया है जब भारतीय टीम ने ओलंपिक में मेडल जीता हो।

चंदौन गांव के अलावा इटारसी और होशंगाबाद के कई स्थानों पर भी भारतीय टीम की जीत के बाद विवेक सागर के पोस्टर लेकर लोग सड़कों पर निकल आए। कई स्थानों पर मिठाई बांटे जाने और पटाखे चलाकर अपनी खुशी का इजहार किया जा रहा है।

विवेक सागर के घर ढोल ढमाके गूँज और जश्न का माहौल।

जीत के बाद विवेक ने अपने परिवार से बात भी की है। विवेक ने घरवालों से कहा कि 41 साल बाद मेडल जीतने वाली टीम के सदस्य होने पर गर्व महसूस हो रहा है। विवेक के पिता रोहित प्रसाद और मां कमलाबाई भी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित हैं।

रोहित प्रसाद का कहना है कि विवेक ने जाते वक्त कहा था कि मेडल जीत कर लौटूंगा और अब इस बात की खुशी और गर्व है कि मेडल जीतकर लाने वाले टीम में बेटा विवेक भी शामिल है। अब पूरे परिवार को विवेक के लौटने का इंतजार है।

दूसरी ओर मेडल विजेता भारतीय टीम के सदस्यों पर अब इनामों की बौछार होने लगी है। मुख्यम्नत्री शिवराज सिंह चौहान ने विवेक सागर के साथ ही मप्र हाॅकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त नीलकांता शर्मा को 1-1 करोड़ रुपए दिए जाने का ऐलान किया है।

गौरतलब है कि टोक्यो ओलिंपिक में पदक विजेता भारतीय हॉकी के खिलाड़ी विवेक सागर इटारसी तहसील के छोटे से गांव चांदौन के रहने वाले हैं। विवेक ने हॉकी की शुरुआत इटारसी के हॉकी मैदान से की। विवेक की प्रतिभा को देखते हुए महान खिलाड़ी ध्यानचंद के पुत्र अशोक कुमार उन्हें भोपाल ले आये और हॉकी अकादमी में प्रशिक्षित किया।

विवेक हॉकी की ओलिंपिक टीम में चुने जाने से पहले कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। विवेक सागर इंडियन जूनियर हॉकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। भारतीय टीम के मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने 2019 के लिए वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उभरता हुआ खिलाड़ी भी चुना था।

Back to top button