MP

खौफ में पुलिस-बेखौफ अपराधी, दिग्विजय ने बताया क्यों फेल ‘शिव-राज’

सांसद दिग्विजय सिंह ने रखी बेबाक राय, प्रदेश में पुलिस पर लगातार हो रहे अपराधियों के हमलों के बताए कारण।

गुना/ भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में बेखौफ अपराधियों का खौफ अब पुलिस पर दिखाई देने लगा है। बीते पांच महीनों में ही पुलिस पर अपराधियों के हमलों की संख्या पचास से ज्यादा हो चुकी है। गुना में शिकारियों के हाथों तीन पुलिसकर्मियों की तो हत्या तक हो चुकी है। प्रदेश में पुलिस पर लगातार हो रहे अपराधियों के हमलों पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी बेबाक राय रखते हुए शिवराज सरकार पर निशाना साधा है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को पुलिस पर हमलों की संख्या के संदर्भ में एक खबर को शेयर किया। साथ ही दिग्विजय सिंह ने हमलों का कारण भी बताया। उन्होंने पुलिस पर हमलों के पीछे तीन कारण बताए –

  • पुलिस में बढ़ता हुआ हस्तक्षेप
  • अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण
  • ईमानदार पुलिसकर्मियों को भाजपा नेताओं द्वारा अपमानित करना

दिग्विजय सिंह ने यह भी लिखा कि प्रदेश में देशी कट्टे एक से पांच हज़ार रुपये तक आसानी से उपलब्ध है। खुले आम मप्र के कुछ इलाक़ों में देशी कट्टे बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश से भी आ रहे हैं। पुलिस के पास पूरी जानकारी है लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।

दैनिक भास्कर की जिस खबर को दिग्विजय सिंह ने शेयर किया है उस खबर के मुतबिक पुलिस पर पहले गोली चलाने से लेकर चाकू मारने, मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने की घटनाएं सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल अंचल में हुई हैं। हैरत की बात यह है कि पुलिस पर सबसे ज्यादा हमले रेत माफिया, अवैध शराब और अवैध शिकार के मामलों में ही हुए हैं।

गौरतलब है कि गुना के आरोन थाना क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पुलिस और शिकारियों के बीच मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मियों की मौत से प्रदेश में हड़कंप मच गया था। इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने नौशाद और शहजाद का एनकाउंटर कर दिया था। वहीं पुलिस जब दो आरोपियों जिया खान और शानू खान को कोर्ट ले जा रही थी उस दौरान गाड़ी पलट के बाद दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, इसके बाद पुलिस द्वारा चलाई गोली में दोनों घायल हो गए थे। घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेश की कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठा रही है।

Back to top button