MP

BJP जिलाध्यक्ष ने भीड़ में बर्थडे मनाकर उड़ाई कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां

शहडोल (जोशहोश डेस्क) पूरा देश इस वक्त कोरोना महामारी से जूझ रहा है। वहीं प्रदेश में रोजाना इतनी मौतें हो रही हैं कि श्मशान में जगह नहीं बची है। पुलिस भी लगातार सख्ती बरत रही है। वहीं शहडोल के भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाते हुए बर्थडे पार्टी मना रहे हैं। उन्हें इसका भी ख्याल नहीं रहा कि शहडोल में 790 एक्टिव केस हैं और 19 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह का 13 अप्रैल को जन्मदिन था। कलेक्टर ने जिले में लॉकडाउन लगाते हुए नवरात्र पर्व सहित धर्मों के आयोजन पर प्रतिबंध लगाया था। यहां शनिवार-रविवार के बाद 16 अप्रैल की सुबह तक लॉकडाउन है। लॉकडाउन में भाजपा जिलाध्यक्ष का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो अपने समर्थकों के साथ बर्थडे पार्टी मनाते दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया में वायरल इस वीडियो में दिख रहा है कि इस पार्टी में कई लोग मौजूद हैं। यहां सोशल डिस्टेंसिंग नहीं दिख रही है। वहीं जिलाध्यक्ष को उनके समर्थक फूलों से सजी तराजू पर बिठाते हैं। तराजू के एक पलड़े में खुद कमल प्रताप सिंह और दूसरे पलड़े में लड्डू रखे हैं। इस बीच जमकर आतिशबाजी भी की गई। इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष टेबल पर सजे करीब एक दर्जन केक बारी-बारी से काटते हुए दिख रहे हैं। बता दें कि शहडोल में 14 अप्रैल को सबसे ज्यादा 193 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। वर्तमान में जिले में 790 एक्टिव केस हैं।

Back to top button