MP

डोली में विदा भिंड SP, चर्चाओं में ट्रांसफर का कद्दावर मंत्री से कनेक्शन!

भिंड SP मनोज कुमार सिंह की विदाई वायरल, ट्रांसफर पर उठ रहे सवाल।

भिंड (जोशहोश डेस्क) भिंड जिले के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के विदाई समारोह का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अधीनस्थ और स्थानीय लोगों ने अनोखा विदाई समारोह आयोजित किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह को डोली में विदा किया गया। वहीं मनोज कुमार सिंह के ट्रांसफर में प्रदेश के एक कद्दावर मंत्री का रोल भी चर्चाओं में है।

मनोज कुमार सिंह का भोपाल मुख्यालय ट्रांसफर किया गया है। उनके विदाई समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें फूलों से सजी डोली में बैठाकर विदा किया। पुलिस जवानों ने कहार बनकर डोली उठाई। ढोल-नगाड़ों के साथ जवानों ने पुलिसअधीक्षक मनोज कुमार सिंह को विदाई दी।

कार्यक्रम में नए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर सतीश कुमार ने स्मृति चिन्ह देकर निवर्तमान एसपी मनोज कुमार सिंह को सम्मानित किया। सोशल मीडिया पर भी डोली में विदा होते मनोज कुमार सिंह का वीडियो वायरल है।

भिंड में बतौर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने महज 18 महीने के कार्यकाल में ही लोगों का दिल जीत लिया था। कानून व्यवस्था से लेकर भिंड में आई भीषण बाढ़ में लोगों को मदद मुहैया कराने का काम हो या कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की किल्लत, मनोज सिंह की सक्रियता काबिले तारीफ़ रही। इस साल मनोज कुमार सिंह को केंद्र सरकार ने विशिष्ठ पुलिस अवार्ड से भी सम्मानित किया है।

हल ही में अंतरराष्ट्रीय ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन से गांजे की ऑनलाइन सप्लाई के मामले का भी मनोज कुमार सिंह ने न सिर्फ खुलासा किया बल्कि कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तक कर वे बेहद चर्चित हुए।

अपने चहेते अधिकारी की भावुक विदाई के साथ ही लोगों में मनोज कुमार सिंह के ट्रांसफर किये जाने को लेकर नाराजगी भी है। उनके ट्रांसफर में सहकारिता मंत्री अरविन्द भदौरिया की भूमिका की भी चर्चा है। दैनिक भास्कर ने अपनी रिपोर्ट में कुछ ऐसा ही इशारा किया है

रिपोर्ट के मुताबिक मनोज कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक पद पर रहते हुए खाद लूट के मामले में प्रदेश के सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया के गृह गांव में रहने वाले दबंगों पर FIR दर्ज कराई थी। यह लोग खाद लूट के मामले में आरोपी बने थे। इस मामले में फूप थाना की महिला SI को लाइन भेजा था। इस वजह से भी चर्चा में रहे थे। मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया की तभी से टेड़ी नजर हो चुकी थी। चर्चा है कि IPS मनोज कुमार सिंह को भिंड से मुख्यालय भेजे जाने में मंत्री की अहम भूमिका रही है।

Back to top button