MP

तपता मध्यप्रदेश : गर्मी ने दिखाए तेवर, इन 5 जिलों में येलो अलर्ट

प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में दिन का तापमान अचानक बढ़ गया है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) बारिश के जाते और मार्च के खत्म होते ही गर्मी तेवर दिखाने लगी है। प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में दिन का तापमान अचानक बढ़ गया है। 2 दिन में ही दिन और रात का टेम्परेचर सामान्य से ज्यादा हो गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में छतरपुर, सागर, दमोह, होशंगाबाद और दतिया में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, होशंगाबाद प्रदेश में सबसे ज्यादा तप रहा है। यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पहुंच गया है। जबलपुर और इंदौर संभागों में तापमान सामान्य जबकि सागर, उज्जैन और ग्वालियर में तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। मंडला और रायसेन में न्यूनतम तापमान सबसे कम 15 डिग्री सेल्सियस रहा।

ग्वालियर गर्मी से बेहाल
राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं की वजह से ग्वालियर शहर का मौसम गर्म हो गया। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया. सड़कों पर सन्नााटा दिखने लगा है। मंगलवार को सुबह से ही 10 किमी प्रतिघंटा की गति से गर्म हवा शुरू हो गई। गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए। अचानक आई गर्मी से कूलर व एससी के बाजार में गर्माहट आ गई। पिछले दस साल के मौसम पर नजर डालें तो मार्च में चौथी बार पारा 40 के पार गया है। अब अप्रैल में शहर खूब तपेगा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में शहर में लू के आसार जताए हैं। दतिया में लू चलना शुरू हो गई है।

तपेगा भोपाल
अगले 24 घंटों में राजधानी भोपाल में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। रात में अब 20 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच जाएगा। यह अब तक का सबसे ज्यादा होगा। अभी तक रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहा है।

यूं तो आमतौर पर मार्च के महीने में मौसम गर्म तो होता था। लेकिन अप्रैल व मई जैसी गर्मी नहीं पड़ती थी और लू भी नहीं चलती थी। लेकिन पिछले दो दिन में मौसम में काफी बदलाव आया है।

Back to top button