MP

कमलनाथ का ऐलान, मजदूर दिवस पर अवकाश घोषित करेगी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को किया संबोधित

भोपाल (ज़ोशहोश डेस्क) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने सोमवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। कमलनाथ ने कहा कि मजदूर केवल सम्मान, इज्जत चाहता है उसे सम्मान दिया जायेगा और कांग्रेस सरकार आयेगी तो एक मई मजदूर दिवस पर हम अवकाश घोषित करेंगे।

कमलनाथ ने कहा कि मुझे याद है जब हम यहां से गुजरते थे 15-20 साल पहले, शिफ्ट खत्म होती थी, हजारों मजदूर दिखते थे, 25 हजार मजदूर से अब केवल 4-5 हजार मजदूर बचे हैं। पं. जवाहर नेहरू, इंदिरा जी ने मजदूरों के लिए कानून बनाये थे, आज इन कानूनों का पालन नहीं हो रहा। मजदूरों के सम्मान में कांग्रेस ने कानून बनाये। कितने प्यार से पं. जवाहर लाल नेहरू और डॉ. शंकर दयाल शर्मा जी ने भेल की स्थापना की थी, भेल की कॉलोनी भारत की संस्कृति का प्रतीक है।

कमलनाथ ने आगे कहा कि उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम के मजदूर यहां काम करते हैं, सालों से हमारे देश की यही पहचान रही है। कितने धर्म है, जातियां हैं जो दक्षिण से आये, पश्चिम से आये यहां की बोली ठीक से नहीं बोल सकते थे, लेकिन यहां हमारे भाईयों से मिले, यहीं हमारी संस्कृति है। हर जाति, हर धर्म का अपना त्यौहार है, यह हमें आज अपने भारत को समझना है, जो हमारी संस्कृति है।

भाजपा की राजनीती पर वार करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मैं गर्व से कहता हूं, मैं हिन्दू हूं, पर बेवकूफ नहीं हूं। यह समझने की जरूरत है, बहुत बड़ी चुनौती हमारे सामने है। आज हर वर्ग परेशान है, यह भटकता हुआ नौजवन बहुत बड़ी चुनौती है हमारे सामने, यही नौजवान मप्र का निर्माण करेंगे, पर इनका भविष्य अंधेरे में रहा तो मप्र का कैसे निर्माण होगा।

कमलनाथ ने सवाल उठाया कि आज आप खुद को बचाना चाहते है या भाजपा को? किसान हो, मजदूर हो, नौजवानों हो किसको बचाना चाहते है आप?कमलनाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है, अतिक्रमण हो रहा है। बाबा साहेब का बनाया हुआ सविधान गलत हाथों में जा रहा है, आज 3 लाख 30 हजार करोड़ का कर्ज मप्र पर है। भाजपा ने यह कर्ज क्या आशा कार्यकर्ताओं, अतिथि शिक्षकों के लिए लिया? नहीं। इन्होंने कर्ज लेकर अपने ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया।

प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कमलनाथ ने कहा कि अस्पताल हो, स्कूल हो, हर जगह खोखलापना, खोखला प्रदेश बन गया है। जहां देखो वहां खोखलापना। शिवराज जी पिछले छह-आठ महीने में आपको सब कुछ याद आने लगा, बहने याद आने लगी, पर सबसे ज्यादा अत्याचार महिलाओं पर प्रदेश में हुये। किसानों की याद आने लगी।

श्री कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी मुंह चलाने माहिर हैं। मुंह चलाने से प्रदेश नहीं चलता, शिवराज जी कहते हैं एक लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा, मैं तो कहता हूं जो खाली पद हैं पहले उनको भर दीजिए। शिवराजजी भी अब समझ गये है, और मुंह चलाना बंद कर रहे, बल्कि और ज्यादा शुरू कर दिया। मैं कहना चाहता हूं आप संकल्प लें पांच महीने बाद माताओं बहनों, नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री पीसी. शर्मा, आरिफ अकील, राजीव सिंह, विभा पटेल, जे.पी. धनोपिया, सैयद साजिद अली, गोविंद गोयल, कैलाश मिश्रा, सुनील सूद, विधायक आरिफ मसूद, अरूण श्रीवास्तव, आरडी त्रिपाठी, अवनीश भार्गव, जितेन्द्र मिश्रा, सुश्री दीप्तिी सिंह, जीत राजपूत, मनोज शुक्ला, संतोष सिंह परिहार, रामबाबू शर्मा, रविन्द्र साहू झूमरवाला, संजीव सक्सेना, संतोष कंसाना, अमित शर्मा, महेश मालवीय, प्रकाश चौकसे सहित बड़ी संख्या में जनसैलाब उपस्थित था।

Back to top button