MP

विकास के लिए टेलीविजन नहीं विजन जरूरी, 18 साल का हिसाब दें शिवराज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने नर्मदापुरम में किया जनसभा को संबोधित

भोपाल/ नर्मदापुरम (जोशहोश डेस्क) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 18 साल के कार्यकाल में प्रदेश को किसान आत्महत्या में नंबर वन बना दिया है, महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन बना दिया है और बेरोजगारी में नंबर वन बना दिया है। मुख्यमंत्री अपने 18 साल के कामकाज का हिसाब जनता को दें। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नर्मदापुरम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

कमलनाथ ने कहा कि नर्मदापुरम पवित्र ऐतिहासिक शहर है। मां नर्मदा का शहर है, लेकिन इस शहर को उसकी प्रतिष्ठा के अनुरूप विकसित नहीं किया गया है। शहर का विकास करने के लिए विजन की जरूरत होती है, टेलीविजन वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यह काम नहीं कर सकते। शिवराज सिंह चौहान सिर्फ झूठ, घोषणा, कलाकारी और ध्यान मोड़ने की राजनीति कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज पर हमलावर होते हुए कमलनाथ ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल मैं यह पूछना चाहता हूं कि प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को रोजगार कैसे मिलेगा? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौजवानों से वादा किया था कि वे हर साल दो करोड़ रोजगार देंगे। किसानों की आमदनी दुगनी कर देंगे लेकिन सरकार ने किसानों के लिए की गई इस घोषणा पर कुछ नहीं किया।

कमलनाथ ने आरोप लगाया की रोज़गार, मंहगाई और किसानों की समस्याओं पर बात न हो इसलिए भाजपा राष्ट्रवाद की राजनीति करती है। चीन और पाकिस्तान की बात करते हैं। कमलनाथ ने दो टूक कहा कि भाजपा अब कांग्रेस को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाने की कोशिश ना करें। कांग्रेस सच्चे राष्ट्रवादियों की पार्टी है। भाजपा के लोग बता दें कि इनके परिवार में कौन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी था। कांग्रेस में स्वतंत्रता सेनानियों की लंबी फेहरिस्त है।

कमलनाथ ने कहा कि भारत की संस्कृति लोगों को जोड़ने की है, हम दिल जोड़ते हैं, रिश्ते जोड़ते हैं, संबंध जोड़ते हैं, वहीं संस्कृति कांग्रेस की संस्कृति है, जो लोगों को जोड़ने की संस्कृति है। आज कुछ फिरकापरस्त ताकतों द्वारा देश की संस्कृति पर हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज ऐसा कोई देश नहीं है जहां इतनी भाषाएं हो, जहां इतने धर्म हो, जहां इतने त्यौहार हो। हम दक्षिण की ओर जाते हैं तो हमारी धोती भी लुंगी बन जाती है। भारत की संस्कृति विविधता की है, और यही हमारी पहचान है।

सभा में कमलनाथ ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री बना तो मैंने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी। युवाओं को रोजगार देने की पहल की। आज का नौजवान ठेका और कमीशन नहीं चाहता, वह तो अपने हाथों में काम चाहता है, रोजगार चाहता है। कमलनाथ ने यह भी कहा कि आप कांग्रेस को वोट मत देना, कमलनाथ को वोट मत देना, लेकिन सच्चाई को वोट देना। आप सच्चाई को वोट देंगे तो कांग्रेस पार्टी का जीतना तय है। उन्होंने कहा कि 12 महीने बाद प्रदेश की जनता मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का झंडा फहराएगी।

Back to top button