MP

कमलनाथ ने किसानों के लिए किये पांच बड़े ऐलान, नर्मदा के लिए अब सेवा सेना

शिवराज सरकार द्वारा किसानों पर दर्ज मुकदमे भी लिए जायेंगे वापस

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने फिर बड़े एलान किये हैं। कमलनाथ ने किसान हित में कृषि न्याय योजना के तहत पांच बड़ी घोषणाएं करते हुए नर्मदा सेवा सेना नाम के गैर राजनीतिक संगठन बनाये जाने का ऐलान किया। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी नर्मदा सेवा सेना का सदस्य बनने को आमंत्रित किया।

भोपाल में बुधवार को मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसानों के लिये 5 बड़ी घोषणायें की। कमलनाथ ने कहा कि सरकार आने पर वे इन घोषणाओं को लागू करेंगे।

  1. 5 हॉर्स पावर का बिल माफ
  2. बिजली का बकाया माफ
  3. किसानों का क़र्ज़ा माफ
  4. आंदोलनों के मुक़दमे माफ
  5. 12 घंटे बिजली का रास्ता साफ

इस ऐलान के हाथ ही कमलनाथ ने मध्यप्रदेश के हर किसानों को 5 हॉर्स पावर तक के स्थाई एवं अस्थाई (T C) कनेक्शनों को मुफ्त बिजली प्रदान करने का वचन दिया। इस योजना का लाभ मध्यप्रदेश के 37 लाख किसानों को मिलेगा। साथ ही मध्यप्रदेश के हर किसानों के 5 हॉर्स पावर तक की बिजली बिल की बकाया राशि माफ की जाएगी और इस योजना का लाभ 24 लाख किसानों को मिलेगा।

इसके अलावा कमलनाथ ने शिवराज सरकार द्वारा किसानों पर दर्ज मुकदमे भी वापस लिए जाने की घोषणा की। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में किसानों की आय कम हुई है। किसान कर्जदार हो गए हैं। कर्ज लगातार बढ़ रहा है।

किसानों की इन समस्याओं का अध्ययन कर कांग्रेस ने यह तय किया है कि हम कृषि न्याय योजना लाएंगे। पिछली सरकार में हमने किसानों का कर्ज माफ करने की नीति बनाई थी। पहली किस्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ भी कर दिया था। कर्ज माफी की जो घोषणा हमने की थी, उसे चलाते रहेंगे। दूसरी, तीसरी किस्त में कर्ज माफी करेंगे।

कमलनाथ ने प्रदेश की जीवनदायिनी नर्मदा नदी को संरक्षित करने के उद्देश्य से भी एक बड़ा ऐलान किया। कमलनाथ ने बताया कि हम नर्मदा सेवा सेना बना रहे हैं। प्रदेश के जिन 28 इलाकों में नर्मदा गुजरती हैं, वहां इस सेना के सदस्य बनाए जाएंगे। यह गैर राजनीतिक संगठन होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी इसके सदस्य बन सकते हैं।

Back to top button