MP

BJP ने निगमों को बना दिए भ्रष्टाचार के अड्डे, जनतंत्र के किए करें मतदान

निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान से पहले बोले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ

भोपाल/देवास (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए 6 जुलाई को 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद में मतदान होगा। इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आमजन से कहा है कि भाजपा ने प्रदेश के नगर निगमों को भ्रष्टाचार के अड्डे बना दिए हैं। ऐसे में धनतंत्र के खिलाफ और जनतंत्र की जीत के पक्ष में मतदान करें।

कमलनाथ ने कहा कि स्थानीय सरकार चुनने और लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में वोट डालें। जब आप वोट डालने जाएंगे तो हो सकता है, इंद्रदेव आपका स्वागत करें। आपको भाजपा शासित नगर निगमों की खराब सड़कों और बदहाल शहरी व्यवस्था से होकर मतदान केंद्र तक जाना होगा। जब आप मतदान करें तो आपको यह याद रखना है कि आपका एक-एक वोट धनतंत्र के खिलाफ और जनतंत्र की जीत के पक्ष में डले।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगाह किया कि सत्ताधारी दल शासन और प्रशासन तंत्र का दुरुपयोग करके आपको मताधिकार से वंचित करने या आपको भ्रमित करने की कोशिश कर सकता है, लेकिन आपको अपने शहर की सरकार के लिए वोट कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करना है। अगर कोई अधिकारी या नेता चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालता है तो आप उसका वीडियो बनाएं, उसकी शिकायत करें और अपने नागरिक अधिकार को सुनिश्चित करें।

इससे पहले कमलनाथ ने देवास में कांग्रेस उमीदवार विनोदिनी रमेश व्यास के पक्ष में सभा को सम्बोधित किया। यहाँ कमलनाथ ने कहा कि जब हमारी सरकार थी तो देवास के लिए हमने सबसे ज्यादा पैसा दिया। सज्जन वर्मा जी शहरी विकास मंत्री थे, इन्होंने जिद करके देवास के विकास के लिए पैसा लिया। लेकिन जो वर्तमान सरकार है और नगर निगम है, वह देवास के भविष्य के बारे में नहीं सोच रहे, 10 साल बाद देवास कैसा होगा यह उनके दिमाग में नहीं है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश के सारे नगर निगम में पहले तो ठेका लेने के लिए 30 से 40 परसेंट रिश्वत देनी पड़ती है, उसके बाद काम करने के दौरान फिर से कमीशन देना पड़ता है। जब सारा पैसा भ्रष्टाचार में चला जाएगा तो नगर निगम में विकास कार्य कैसे होंगे? उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश में 18 साल से भाजपा की सरकार है। शिवराज सिंह चौहान 18 साल से आपको जाल में फंसाए हुए हैं। नगर निगम के चुनाव में यह फिर से आपको फंसाने आए हैं, लेकिन आपको उनके जाल में नहीं फंसना है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला करते हुए कमलनाथ ने कहा कि सीएम सिर्फ घोषणाएं कर सकते हैं। उनके आंख और कान नहीं चलते, उनका तो बस मुंह चलता है। मुंह चलाने में और प्रदेश चलाने में फर्क होता है। पूरे प्रदेश का और देवास का विकास तब होगा जब यहां औद्योगिकरण होगा औद्योगिकरण के लिए उद्योगपतियों में और नौजवानों में विश्वास की जरूरत होती है। शिवराज जी झूठ और फरेब की जो सरकार प्रदेश में चला रहे हैं, उस पर देश का कोई उद्योगपति विश्वास नहीं करता, इसलिए मध्य प्रदेश में उद्योग नहीं लगते।

इससे पहले कमलनाथ ने महापौर प्रत्याशी विनोदिनी रमेश व्यास के साथ देवास शहर के प्रबुद्धजनों से संवाद किया और शहर के समग्र विकास को लेकर चर्चा की। कमलनाथ ने कहा कि 15 महीने बाद प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बन रही है। उसके बाद वे और कांग्रेस का महापौर मिलकर देवास का विकास करेंगे।

Back to top button