आय के इंतज़ार में लागत हो गई दोगुनी, कमलनाथ ने बताया किसानों का सच
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने लहसुन उत्पादक किसानों का एक वीडियो शेयर कर किसानों की आय दोगुना करने के दावों की खोली कलई।
![](https://joshhosh.com/wp-content/uploads/2022/08/kamalnath-list-1.jpg)
भोपाल (जोशहोश डेस्क) आजादी के अमृत महोत्सव के साल यानी 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के दावों का सच मध्यप्रदेश में देखा जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने लहसुन उत्पादक किसानों का एक वीडियो शेयर कर किसानों की आय दोगुना करने के दावों की कलई खोली है।
प्रदेश में लहसुन उत्पादक किसानों को प्रति किलो एक रुपए का दाम मिल रहा है। लागत तक न निकलने से दुखी किसानों के लहसुन की बोरियों को कभी जलाते तो कभी नदी में फेंकते वीडियो लगातार वायरल हो रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ऐसा ही एक वीडियो शेयर कर केंद्र और राज्य सरकारों के दावों पर सवाल उठाया है-
कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार में यह है किसानो की स्थिति और किसानो की आय दोगुनी करने के दावे का सच…किसान को उसकी उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है और वो निरंतर क़र्ज़ के दलदल में फँसता जा रहा है। लहसुन एक रुपये से भी कम में बिक रहा है , घाटे के कारण किसान इसे कभी आग के हवाले कर रहे है और कभी नदी में बहा रहे है। किसानो की आय दोगुनी तो नहीं हुई लेकिन उत्पादन लागत ज़रूर दोगुनी हो गयी है , खेती घाटे का धंधा बनती जा रही है। मैं सरकार से माँग करता हूँ कि तत्काल आवश्यक निर्णय लेकर किसानो को राहत प्रदान की जावे।
गौरतलब है कि प्रधानमंतरी नरेंद्र मोदी ने साल 2022 तक किसानों की आय दोगुना किए जाने का वादा किया था। हाल ही में मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे यह दावा करते नजर आए थे कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहां किसानों की आय दोगुनी हो गई है।