MP

सांसद तन्खा का DGP से सवाल, बेवजह आग से झुलस जाएं इतना सत्ताप्रेम क्यों?

ग्वालियर में पुतला दहन के दौरान पुलिसकर्मी के झुलसने पर विवाद, कमलनाथ-विवेक तन्खा ने उठाये सवाल।

भोपाल(जोशहोश डेस्क) ग्वालियर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन करने के दौरान एक पुलिसकर्मी के झुलसने और फिर प्रशासन की कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई का मामला तूल पकड़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज़ किये जा रहे प्रकरणों का विरोध किया है। वहीं सांसद विवेक तन्खा ने अप्रत्यक्ष रूप से इस घटना को पुलिसकर्मियों के सत्ता प्रेम से जोड़ा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ग्वालियर के साथ अन्य घटनाओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हो रही कार्रवाई को प्रदेश सरकार की तानाशाही बताया है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट किया कि शिवराज सरकार द्वारा लोकतंत्र में मिले विरोध के अधिकार को भी छीनने व दमन करने का काम हो रहा है। विरोध की आवाज़ को तानाशाही तरीक़े से कुचला जा रहा है।

कमलनाथ ने आगे लिखा कि ग्वालियर में ग़रीबों की मंडी हटाने का विरोध कर रहे कांग्रेसजनो पर तानाशाही रवैया अपनाते हुए उनका दमन किया जा रहा है। उन पर राजनैतिक दुर्भावना से दमनकारी कार्यवाही की जा रही है। लोकतंत्र में विरोध के कई तरीक़े है, उसमें पुतला जलाना भी एक तरीक़ा है लेकिन ग्वालियर में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर जिस तरह की दमनकारी कार्यवाही की जा रही है, वो बेहद ग़लत व बेहद निंदनीय है-

दूसरी ओर सांसद विवेक तन्खा ने भी मद्रास और अन्य हाईकोर्ट के निर्णयों का हवाला देते हुए लिखा कि पुतला जलाना अपराध नहीं है। पुलिस कर्मचारी अपने राजनीतिक आकाओ को वफ़ादारी दिखाने के चक्कर में सत्ता पक्ष के पुतले नहीं जले इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लेते हैं-

गौरतलब है कि ग्वालियर में युवक कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला जलाने के दौरान एक एसआई आग से बुरी तरह झुलस गया था। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता जब पुतला जला रहे थे तब एसआई दीपक गौतम ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया था। अचानक आग भड़कने से एसआई दीपक गौतम झुलस गए थे।

पूरा विवाद हजीरा स्थित 70 साल पुरानी सब्जी मंडी को प्रशासन द्वारा तोड़े जाने के बाद शुरू हुआ था। कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ता मंडी को तोड़ने और विस्थापन का विरोध कर रहे थे। विरोध करने पर कांग्रेस नेता सुनील शर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इस बात से कार्यकर्ता आक्रोशित होकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला दहन कर रहे थे। मामले में पुलिस ने NSUI नेता शिवराज सिंह यादव समेत 5 को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर को इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Back to top button