MP

‘शिव-राज’ में बजरंगियों पर लाठीचार्ज, क्या ‘मोदी जी’ इसे ‘बजरंगबली’ पर हमला बताएंगे?

इंदौर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज से घिरी शिवराज सरकार

इंदौर (जोशहोश डेस्क) इंदौर में गुरुवार को नशे के खिलाफ पलासिया थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। लाठीचार्ज के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ ही बजरंग दल को कर्नाटक चुनाव में मुद्दा बनाने वाली भाजपा पर तीखे कटाक्ष भी किये जा रहे हैं।

बल प्रयोग के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता जेल में ही भूख हड़ताल पर बैठ गए। वहीं बीजेपी के बड़े नेताओं ने घटना पर मौन साध लिया है। जिससे नाराज़गी देखी जा रही है।

इधर कांग्रेस बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के बाद भाजपा और शिवराज सरकार पर हमलावर है। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने लाठीचार्ज का वीडियो शेयर करते हए लिखा कि-पिट रहे ये लोग ‘बजरंग दल’ के कार्यकर्ता हैं। पीट रहे पुलिसवाले मध्यप्रदेश के ‘भाजपाई’ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के आदेश पर ऐसा कर रहे थे। अब ‘मोदी जी’ इसे ‘बजरंगबली’ पर हमला बताएंगे?

वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया इंचार्ज केके मिश्रा ने लिखा- कर्नाटक में जब कांग्रेस ने बजरंग दल पर पाबंदी लगाने की बात की तो शिवराज चौहान जी की निगाह में इससे जुड़े लोग राष्ट्रवादी थे? आज इंदौर में आपकी ही सरकार में इन कथित राष्ट्रवादियों की जबरदस्त धुनाई ! तब राष्ट्रवादी आज गुंडे? अब समझ गए न राष्ट्रवादियों ?

इधर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का वीडियो वायरल होने के बाद पलासिया थाना प्रभारी संजय सिंह बैंस को लाइन अटैच किया गया। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार सुबह बताया कि घटना की जांच ADG स्तर के अधिकारी करेंगे।

बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता नशे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पलासिया थाने पहुंचे थे। उन्होंने सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई बार समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि इलाके के पबों में देर रात तक नशाखोरी चलती रहती है।

Back to top button