MP

क्या MP से राज्यसभा जाएंगे PK? विधायक लक्ष्मण सिंह ने दिया बड़ा बयान

दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने प्रशांत किशोर को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की उठाई मांग।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) का कांग्रेस के लिए काम करना अब लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी पीके को लेकर सकारात्मक संकेत दिया है। अब राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने प्रशांत किशोर को मध्यप्रदेश से जोड़ते हुए बड़ी मांग उठाई है।

चाचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह ने एक साक्षात्कार में कहा है कि प्रशांत किशोर एक सफल रणनीतिकार हैं और कई राज्यों में उनकी रणनीतियां बेहद सफल रही हैं। इसी आधार पर कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें आमंत्रित भी किया है।

लक्ष्मण सिंह ने यह भी कहा कि बीते एक सप्ताह से करीब प्रशांत किशोर को लेकर चर्चा चल रही है और मेरा मानना है कि प्रशांत किशोर के आने से कांग्रेस मजबूत होगी। लक्ष्मण सिंह ने मध्यप्रदेश में रिक्त हो रही कांग्रेस की सीट से प्रशांत किशोर को राज्यसभा में भेजे जाने का प्रस्ताव भी दिया।

यह पहली बार ही है जब प्रदेश के किसी कांग्रेस नेता ने प्रशांत किशोर को न सिर्फ खुलकर समर्थन दिया है बल्कि उन्हें राज्यसभा तक भेजे जाने की मांग की है। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रशांत किशोर को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा था कि कोई आए या जाए, कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मध्य प्रदेश में पार्टी किसी पर निर्भर नहीं है। राज्य में उन्हें किसी की जरूरत नहीं है।

गौरतलब है कि प्रशांत किशोर और कांग्रेस आलाकमान के बीच मैराथन बैठकों का दौर चल रहा है। बीते दस दिनों में ही में पीके और कांग्रेस नेतृत्व के बीच कई राउंड की बैठक हो चुकी है। इससे पहले प्रशांत किशोर सोनिया गांधी के आवास पर ही कांग्रेस नेताओं के बीच 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर प्रजेंटेशन भी दे चुके हैं। वहीं सोनिया गांधी के निवास दस जनपथ पर एक हुई एक अहम बैठक में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे थे।

Back to top button