MP

लोकेंद्र पाराशर: तीन अध्यक्षों का एक ‘भरोसेमंद’ सिपहसलार

लोकेंद्र पहले मीडिया प्रभारी बन गए जिन पर नंदकुमार सिंह चौहान और राकेश सिंह के बाद तीसरे अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी भरोसा जताया है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। कार्यकारिणी में जबर्दस्त बदलाव दिखाई दिया। इस बदलाव के बीच नई कार्यकारिणी में गिने-चुने पुराने चेहरे हैं। इनमें एक नाम प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर (Lokendra Parasahr) का है। लोकेंद्र पहले मीडिया प्रभारी बन गए जिन पर नंदकुमार सिंह चौहान और राकेश सिंह के बाद तीसरे अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी भरोसा जताया है।

लोकेंद्र पाराशर मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में प्रभात झा के पद चिन्हों पर हैं। जिस तरह से प्रभात झा ने एक समय ग्वालियर स्वदेश में काम किया उसी तरह से लोकेंद्र पाराशर भी लंबे समय तक ग्वालियर स्वदेश के संपादक रहे। वैचारिक रूप से संघ की समझ को बहुत अच्छे से स्वदेश में साबित करने के बाद लोकेंद्र पाराशर को भोपाल के दीनदयाल परिसर स्थित भाजपा मुख्यालय में मीडिया प्रभारी के रूप में हितेश वाजपेई के बाद लाया गया था। पत्रकार होने के बाद भी लोकेंद्र पाराशर में जनसंपर्क के बहुत अच्छे गुण हैं जो उनके पूर्ववर्ती हितेश वाजपेई में नहीं थे।

लोकेंद्र पाराशर ने पार्टी की नीति-रीति को न सिर्फ मीडिया में बहुत बेहतर तरीके से रखा। मीडिया के लिए वे जितने मित्रवत रहे उतने ही अपनी पार्टी और दायित्व के प्रति समर्पित। यही कारण रहा कि नंद कुमार चौहान राकेश सिंह के बाद वीडी शर्मा ने भी उन पर भरोसा जताया है।

विधानसभा, लोकसभा फिर उपचुनाव का मैनेजमेंट
लोकेंद्र पाराशर ने विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने शिवराज की छवि को जमकर धार दी। प्रदेश मीडिया प्रभारी के रूप में लोकसभा चुनाव उनके लिए बड़ी सफलता लाया। इस दौरान पाराशर ने केंद्र के दिग्गजों और प्रदेश के नेताओं के लिए मीडिया मैनेजमेंट का दोहरा दायित्व बखूबी निभाया। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में आने के बाद उपचुनाव में उनकी टीम ने कांग्रेस के हर वार पर जमकर पलटवार किया।

राघवेंद्र शर्मा पर भी जताया भरोसा

वीडी शर्मा की नई टीम मेें कार्यालय मंत्री के दायित्व के लिए राघवेंद्र शर्मा भरोसा जताया है। शिवपुरी के राघवेंद्र बाल आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्हें संघ का प्रिय भी माना जाता है। कहा जा रहा है कि वीडी शर्मा ने कार्यालय पर अपने पूरे नियंत्रण के लिए संघ और अपने विश्वस्त राघवेंद्र को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

Back to top button