MP

महिला कांग्रेस का सिलेंडर गरबा, शक्ति की भक्ति के साथ महंगाई का विरोध

रीवा में महाअष्टमी के मौके पर महिला कांग्रेस ने किया अनूठा प्रदर्शन, महंगाई के विरोध में सिलेंडर सिर पर रख खेला गरबा।

रीवा (जोशहोश डेस्क) चैत्र नवरात्रि का पर्व पूरे आस्था और उल्लास के साथ देश भर में मनाया जा रहा है। वहीं इस पर्व पर लगातार बढ़ती महंगाई का असर भी दिखाई दे रहा है। रीवा में महाअष्टमी के मौके पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सिलेंडर के साथ शक्ति की भक्ति करते हुए सिर पर सिलेंडर रख गरबा भी खेला।

कांग्रेस महिला मोर्चे की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडे के नेतृत्व में महंगाई के खिलाफ इस अनूठे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता सिलेंडर के साथ रानी तालाब मंदिर पहुंची। यहाँ महिला कार्यकर्ताओं ने सिलेंडर के साथ मंदिर की परिक्रमा कर गरबा खेला। सोशल मीडिया पर भी यह प्रदर्शन बहुत चर्चित रहा।

महिला कार्यकर्ताओं ने अपने प्रदर्शन के साथ ही लगातार बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार बताया और प्रधानमंत्री मोदी को सदबुद्धि के लिए प्रार्थना भी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि केन्द्र व राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों से महंगाई बढ़ती जा रही है और अब घर चलाना तक मुश्किल हो रहा है।

इस मौके पर कविता पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश महंगाई के मामले में कीर्तिमान रच कर रहा है। भारत में LPG के दाम दुनिया भर में सबसे अधिक हैं। महंगाई ने महिलाओं की किचन का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। सिर्फ गैस ही नहीं आटा, दाल तेल से लगाकर कोई ऐसे चीज़ नहीं जो महंगी न हुई हो। इस प्रदर्शन से हम सरकार से महंगाई पर नियंत्रण किये जाने की मांग करते हैं।

यह ही पढ़ें- न्यू इंडिया: दुनिया में सबसे महंगी रसोई गैस भारत में, पेट्रोल तीसरे नंबर पर

गौरतलब है कि हाल ही में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक़ भारत में रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत दुनिया में सबसे ज्यादा है और पेट्रोल की सबसे ज्यादा कीमतों वाले देशों में हमारा देश दुनिया में तीसरे नंबर पर है। वहीं जिन देशों में डीजल की सबसे ज्यादा कीमत सबसे ज्यादा है उन देशों की लिस्ट में भारत का नंबर आठवां है।

Back to top button