MP

इसी माह होगा मांडू फेस्टिवल और खजुराहो नृत्य महोत्सव

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में कोरोना संकट के कम होते ही सांस्कृतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसी माह मांडू और खजुराहो महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आधिकारिक जानकारी में बताया गया है कि मांडू में आगामी 13-14 फरवरी को ‘मांडू फेस्टिवल’ और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में 20 से 26 फरवरी तक खजुराहो नृत्य समारोह-2021 का आयोजन मध्यप्रदेश शासन और एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा किया जाएगा।

राज्य की संस्कृति, पर्यटन और अध्यात्म मंत्री ऊषा ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 के चुनौतीपूर्ण दौर में भी पर्यटन और संस्कृति विभाग ने सभी लोक-परंपराओं, रीति-रिवाजों और उत्सवों को जनता के बीच पहुंचाया है, ताकि मध्यप्रदेश की जनता इस कठिन दौर के अवसादों और तकलीफों से बाहर आ सके। उन्होंने सभी पर्यटकों को इन उत्सवों में सादर आमंत्रित किया।

संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि प्राचीन शहर मांडू में उत्सव के दौरान ऐतिहासिक शहर के अनेक रोचक पहलुओं से पर्यटकों को अवगत कराया जाएगा। उत्सव के दौरान कबीर कैफे और मुक्त म्यूजिक बैंड के साथ ही स्थानीय कलाकार भी मनमोहक प्रस्तुति देंगे।

राज्य की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल के माध्यम से खजुराहो में 20 से 26 फरवरी 2021 तक खजुराहो नृत्य समारोह-2021 का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों पर केंद्रित इस समारोह में देश एवं विश्व के विख्यात कलाकार अपनी नृत्य प्रस्तुतियां देंगे।

राज्य को ‘वैलनेस एंड माइंडफुल टूरिज्म’ के केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सतत प्रयास जारी है। पर्यटकों को पर्यटन के साथ-साथ योग, ध्यान और नेचुरोपैथी आदि से जोड़ा जाएगा। ‘आस-पास टूरिज्म’ की अवधारणा पर पड़ोसी राज्य के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए छोटी अवधि के टूर प्लान बनाए गए हैं।

Back to top button