MP

मंगूभाई पटेल MP के नए राज्यपाल, कर्नाटक के राजभवन पहुंचे मंत्री थावरचंद गहलोत

एमपी के 19वें राज्यपाल बने मंगू भाई पटेल गुजरात के नवसारी से पांच बार विधायक रह चुके हैं।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश के नए राज्यपाल अब मंगूभाई पटेल होंगे। वहीं मोदी सरकार के मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का गर्वनर बनाया गया है। मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार से पहले आठ राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को मंगूभाई पटेल और थावचंद गहलोत समेत आठ राज्यपालों की नियुक्ति की है।

मध्यप्रदेश के कोटे से लगातार मोदी सरकार में मंत्री रहे थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाए जाने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया की कैबिनेट में एंट्री का रास्ता साफ हो गया। उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। सिंधिया मंगलवार सुबह उज्जैन में महाकाल के दर्शन के बाद अचानक अपने अन्य कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

वहीं रमेश बैस अब त्रिपुरा के स्थान पर झारखंड के गवर्नर होंगे। बंडारू दत्तात्रेय को हिमाचल के राजभवन से हरियाणा भेजा गया है। सत्यदेव नारायण हरियाणा से निकलकर रमेश बैस की जगह त्रिपुरा के गवर्नर होंगे। हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर को सौंपी गई है। पीएएस श्रीधरन पिल्लई को मिजोरम से हटाकर गोवा का दायित्व दिया गया है। मिजोरम में अब हरिबाबू कम्भमपति नए राज्यपाल होंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगूभाई पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनने पर बधाई दी हैं-

जानिए कौन हैं एमपी के 19वें राज्यपाल बने मंगू भाई पटेल

एमपी के 19वें राज्यपाल बने मंगू भाई पटेल गुजरात के नवसारी से पांच बार विधायक रह चुके हैं।अब तक गुजरात की ही आनंदीबेन पटेल उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद पर थीं। 77 वर्षीय मंगूभाई पटेल 2014 में गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। मंगू भाई पटेल दक्षिण गुजरात से प्रमुख आदिवासी नेता भी माने जाते हैं। गुजरात में भाजपा को मजबूत करने में मंगूभाई पटेल की अहम् भूमिका कही जाती है।

Back to top button