MP

राम मंदिर निर्माण के लिए दे रहे हैं समर्पण निधि तो हो जाएं सावधान!

भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में एक युवक फर्जी रसीदों के माध्यम से राम मंदिर निर्माण के लिए अवैध रूप से समर्पण निधि लेते धराया है।

भोपाल (जोश होश डेस्क) अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण प्रारम्भ हो चुका है। देश दुनिया के लाखों आस्थावान राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि दे रहे हैं। विश्व हिन्दू परिषद और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता देश भर में करोड़ों परिवार तक पहुंच राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि जुटा रहे हैं लेकिन कुछ शरारती तत्व इसका फायदा भी उठाने लगे हैं। ऐसे में राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि देते वक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में ऐसे ही एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक फर्जी रसीदों के माध्यम से राम मंदिर निर्माण के लिए अवैध रूप से समर्पण निधि लेते धराया है। पुलिस ने यह कार्रवाई विहिप पदाधिकारियों की शिकायत पर की।

दरअसल विहिप के कार्यकर्ता अशोका गार्डन क्षेत्र में एक दुकानदार के पास जब मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि लेने पहुंचे तब इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। दुकान संचालक ने विहिप पदाधिकारियों को बताया कि मनीष राजपूत नामक व्यक्ति पहले ही उनसे राशि ले चुका है। दुकान संचालक ने विहिप के पदाधिकारियों को चंदे की रसीद भी दिखाई। इसके बाद विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के जिला सह मंत्री यतेन्द्रपाल सिंह जादौन ने पुलिस को पूरे मामले की लिखित शिकायत की।

अतिरक्त पुलिस अधीक्षक राजेश भदौरिया ने बताया कि अशोका गार्डन क्षेत्र में एक दुकान संचालक शशांक जायसवाल ने जो रसीद दिखाई, उस पर ‘राम भूमि संकल्प सोसाइटी भोपाल’ लिखा था। रसीद राम जन्म भूमि न्यास द्वारा अधिकृत नहीं थी। विहिप के पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत किये जाने के बाद पुलिस ने मनीष राजपूत को गिरफ्तार किया। मनीष ने अनाधिकृत रूप से दुकान संचालक से राम मंदिर निर्माण के लिए 151 रुपये की सहयोग निधि ली थी।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्टश्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने विहिप, राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ व उससे जुड़े संगठनों को छोड़कर अन्य किसी संस्था को राम मंदिर निर्माण के लिए निधि संग्रह के लिए अधिकृत नहीं किया है। इसके बाद विहिप- संघ और उनसे संगठनों ने 15 जनवरी से समर्पण निधि संग्रह का अभियान चला रखा है यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा।

समर्पण निधि अभियान में 10 रुपए 100 रुपए और 1000 हजार रुपए के कूपन दिए जा रहे हैं। वहीं 2000 रुपए से ज्यादा समर्पण निधि देने वालों को बकायदा रसीद दी जा रही है।

Back to top button