MP

सीधी : नहर में गिरी बस, मुख्यमंत्री ने किया प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्यक्रम स्थगित

सीधी (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश के सीधी जिले में यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। बस गहरे पानी में समा गई है। सात यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, वहीं बड़ी संख्या में यात्रियों की मौत की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है। सीधी बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज होने वाले एक लाख घरों में गृह प्रवेश का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही आज होने वाली कैबिनेट की बैठक को भी स्थगित कर दिया गया है।

पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह सीधी से सतना की ओर जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर रामपुर थाना क्षेत्र में शरदा नहर में जा गिरी। इस नहर में पानी भी है। बस पूरी तरह पानी में डूब हुई है। बस में सवार यात्रियों की खोज जारी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सरकार से पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने की मांग की है।

भाजपा के विधायक शरदेंदु तिवारी ने बताया कि बाणसागर बांध से निकली मुख्य नहर है शरदा नहर। इस नहर में लगभग 30 फीट पानी होता है। इसी नहर में बस गिरी है। बस पूरी तरह पानी में डूब गई है। हृदय विदारक घटना है। बाणसागर बांध से पानी की आपूर्ति रोक दी गई है ताकि बस तक आसानी से पहुंचा जा सके। सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अभी तक एक भी मृतक का शव नहीं मिला है। बस में 54 यात्री सवार थे। रात और बचाव कार्य के लिए क्रेन सहित अन्य उपकरण पहुंच गए हैं। प्रशासनिक अमला भी मौके पर है।

सीधी के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमावत ने हादसे में मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की है। मगर मीडिया रिपोर्ट मौत का आंकड़ा चार बता रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि इस हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो सकती है, ऐसा इसलिए क्योंकि बस पूरी तरह पानी में डूब गई है। बाणसागर बांध से पानी की आपूर्ति रोकी गई है, लगभग दो से तीन घंटे बाद ही पानी का स्तर कम होगा और बस तक पहुंचना आसान हो पाएगा।

Back to top button