MP

क्या शिवराज के 15 साल पर बड़ा सवाल है भाजपा विधायक की मांग?

जो मुद्दे भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने उठाए हैं वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 15 साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठा रहे हैं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मैहर के भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी (Narayan tripathi) ने एक बार फिर अलग विंध्य प्रदेश की मांग को बुलंद किया है। एक वीडियो में नारायण त्रिपाठी ने विंध्य को शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ अन्य क्षेत्रों में पिछड़ा बताते हुए अलग प्रदेश की मांग को दोहराया है। जो मुद्दे भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी ने उठाए हैं वे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के 15 साल के कार्यकाल पर भी सवाल हैं।

वीडियो में नारायण त्रिपाठी ने विंध्य और बुंदेलखंड में विकास को लेकर तीखे सवाल उठाये हैं।नारायण त्रिपाठी ने कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड में शिक्षा की व्यवस्था नहीं है। हमारे बच्चों को पढ़ाई के लिए इंदौर जाना पड़ता है। विंध्य और बुंदेलखंड में दवाई की व्यवस्था नहीं है। हमें दवाई के लिए नागपुर जाना पड़ता है। ग्वालियर-इंदौर में हाईकोर्ट की खंडपीठ है यहां हाईकोर्ट की खंडपीठ नहीं है। खजुराहो, रीवा, सतना, सिंगरौली में सड़कों तक की व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सरकार है इसलिए ही मैं यह कह रहा हूं। उन्होंने क्षेत्र में विकास के दावों को भी झूठा ठहराया। उन्होंने कहा कि विंध्य में अकूत संपदा भरी पड़ी है फिर भी यहाँ विकास का लंबे समय से इंतजार हो रहा है। मेरी प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और मुख्यमंत्री जी से अपील है कि अटलजी की सोच के मुताबिक विंध्य प्रदेश की मांग को पूरा करें।

यह भी पढ़ें: क्या कृषि कानून इतने अच्छे हैं कि भाजपा-संघ अपनी पहचान,अस्तित्व सब दाँव पर लगा दे ?

बड़ी बात यह है कि प्रदेश में शिवराज सरकार को 15 साल से ज्यादा हो चुके हैं। अब नारायण त्रिपाठी अगर क्षेत्र में विकास न होने की बात कह रहे हैं तो इसका जिम्मेदार किसे माना जाए? क्या उनकी मांग शिवराज सरकार के 15 साल के कार्यकाल पर भी सवाल नहीं है?

गौरतलब है कि नारायण त्रिपाठी लंबे समय से अगल विंध्य प्रदेश की मांग को लेकर सक्रिय हैं। हालांकि उनकी इस सक्रियता से प्रदेश भाजपा भी खुश नहीं है। हाल ही में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा उन्हें तलब कर सवाल जवाब भी कर चुके हैं।

Back to top button