MP

मरीज ही ढो रहे ऑक्सीजन सिलेंडर, दिग्विजय बोले – नौटंकी खत्म करे सरकार

खरगोन (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में रोज ही कोरोना की रफ्तार बढ़ रही है। वहीं प्रदेश के सरकारी अस्पतालों का हाल बेहाल नजर आ रहा है। खरगोन के जिला अस्पताल में तीन दिनों तक ऑक्सीजन सिलेंडर न होने की बात सामने आई थी। वहीं अब सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें मरीज खुद ऑक्सीजन सिलेंडर ढोते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया में खरगोन के जिला अस्पताल का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मरीज खुद अपना ऑक्सीजन सिलेंडर ले जाते हुए दिख रहा है। जानकारी के अनुसार खरगोन के कोविड आईसीयू में भर्ती कई मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। उन्हें ऑक्सीजन भी नहीं मिल पा रहा था। बड़ी मशक्कत के बाद देर रात ऑक्सीजन सिलेंडर अस्पताल लाए गए। उस वक्त अस्पताल का कोई भी कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था। इस वजह से मरीजों और उनके परिजनों को खुद ऑक्सीजन सिलेंडर धकेल कर ले जाने पड़े।

खरगोन के अस्पताल का वीडियो शेयर करते हुए राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट करके कहा है कि ‘शिवराज जी आपका “सत्याग्रह” नाटक ख़त्म कर कोरोना के मरीज़ों पर ध्यान दें। नाटक नौटंकी अब बहुत हो चुकी।

हालांकि वीडियो के सामने आने के बाद खरगोन के सिविल सर्जन डॉक्टर दिव्येश वर्मा ने सफाई दी है कि अस्पताल में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है।

खरगोन में पिछले 24 घंटों में 94 संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या 545 हो गई है।

Back to top button