MP

क्या राजनीतिक दबाव में स्थगित हुई मैहर में पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की कथा?

मैहर में होने वाली पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा के स्थगित होने की खबर , सड़क हादसे में बाल-बाल बचे नारायण त्रिपाठी

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मैहर के भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी प्रदेश की सियासी सुर्ख़ियों में बने हुए हैं। नारायण त्रिपाठी ने हाल ही में विंध्य जनता पार्टी बनाने का ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद मैहर में होने वाली पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा के स्थगित होने की खबर है। वही देर रात हुए एक सड़क हादसे में नारायण त्रिपाठी बाल-बाल बच गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ विधायक नारायण त्रिपाठी ने कथा नहीं होने के पीछे राजनीतिक कारण बताया है। कहा जा रहा है कि राजनैतिक दवाब के बाद अचानक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मैहर में विधानसभा चुनाव तक कथा करने से मना कर दिया है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री फिलहाल विदिशा में कथा कर रहे हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कथा में शामिल हुए थे।

बताया जा रहा है कि सतना जिले के देवी धाम मैहर में आगामी 3 मई से पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा श्रीमद् भागवत कथा कही जानी थी। कथा के आयोजक नारायण त्रिपाठी ने कथा की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली थीं। यहाँ तक कहा जा रहा है कि बतौर एडवांस लाखों रुपये भी पार्टियों को दे दिए गए थे। अब अचानक कथा के स्थगित हो जाने से सवाल उठ रहे हैं।

दूसरी ओर विदिशा में बागेश्वर धाम की कथा में सम्मिलित होने जा रहे विधायक नारायण त्रिपाठी सड़क हादसे में बाल बाल बच गए। उनकी स्कॉर्पियो कार एक ट्रक से जा टकराई। विधायक त्रिपाठी और उनके साथी हादसे में बाल बाल बच गए। हादसा सागर जिले के गढ़ाकोटा के पास हुआ।

विधायक नारायण त्रिपाठी ने खुद वीडियो शेयर करके सुरक्षित होने की बात कही है। वीडियो में विधायक ने बताया कि जिस गाड़ी में वे सवार थे उनके साथ तीन लोग और भी मौजूद रहे, लेकिन किसी को भी किसी भी तरह की चोट नहीं आई है। चारों लोग सुरक्षित हैं।

Back to top button