MP

भोपाल: पुलिस ने चलाई वाटर केनन, पटवारी समेत 50 कांग्रेस कार्यकर्ता अरेस्ट

राजभवन का घेराव करने निकली कांग्रेस, कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन के इस्तेमाल को शिवराज सरकार की बताया तानाशाही

भोपाल (जोशहोश डेस्क) देश-प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था और किसानों की बदहाली के मुद्दे पर कांग्रेस सोमवार को राजभवन का घेराव करने निकली। राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के नेतृत्व में बड़ी संख्या कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर कूच किया लेकिन पुलिस प्रशासन ने आधे रास्ते ही कार्यकर्ताओं पर वाटर केनन चला दी।

सुबह से ही राजधानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगने लगा था। दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। दोपहर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और फिर कार्यकर्ता कमलनाथ के नेतृत्व में राजभवन की ओर निकले।

कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और दूसरे बड़े नेता ट्रक पर सवार होकर आगे बढ़े। रंगमहल चौराहे से आगे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बहस हो गई। कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ना चाहा तो पुलिस ने वॉटर कैनन से उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने विधायक जीतू पटवारी, कुणाल चौधरी समेत 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन के इस्तेमाल को शिवराज सरकार की तानाशाही बताया है-

इससे पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 6 महीने में आपकी निष्ठा की परीक्षा है। जिस निष्ठा से आपने कांग्रेस का झंडा 18 साल उठाया है, आप अपनी कमर कस लें तो कोई भी कांग्रेस की सत्ता में वापसी से नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि आप छाती ठोंक कर कहिए कि 15 महीने की सरकार में हमने क्या-क्या काम किये हैं।

प्रदर्शन के लिए कांग्रेस के विधायकों पूर्व विधानसभा और लोकसभा प्रत्याशियों को जिम्मेदारी दी गई। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल समेत तमाम प्रकोष्ठ और विभाग भी खासे सक्रिय रहे। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल सहित सभी कांग्रेसी मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया था कि 13 मार्च को दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के सभी वरिष्ठ नेतागण, विधायकगण और कांग्रेसजन जवाहर चौक पर एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए कूच करेंगे।

Back to top button