अहिरावण की तरह छल कर रही BJP, सिलावट ने किया जनमत का सौदा
सांवेर में प्रियंका गांधी ने PM मोदी- शिवराज के साथ तुलसी सिलावट पर किया तीखा हमला
![](https://joshhosh.com/wp-content/uploads/2023/11/priyanka-sanver-780x470.jpg)
इंदौर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा की तुलना अहिरावण से करते हुए प्रदेश की जनता से हनुमान बनने की अपील की है। साथ ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दल बदल करने वाले तुलसी सिलावट पर भी पैसों के लिए जनमत से सौदेबाजी का आरोप लगाते हुए उन्हें घर में बैठा देने के बात कही।
प्रियंका गांधी इंदौर के सांवेर में जनसभा को संबोधित करते हुए दो टूक कहा कि अहिरावण ने जिस तरह भगवान राम और लक्ष्मण जी से छल किया, उसी तरह आपके साथ भी कुछ बहरूपियों ने छल किया। आपकी चुनी हुई सरकार चोरी की और उसे भ्रष्टाचार लोक में ले गए। अगर आज आप हनुमान नहीं बनेंगे, तो यहां से जो छल शुरू हुआ, उसे कौन ठीक करेगा? इसलिए आपको हनुमान बनना पड़ेगा। कांग्रेस को वापस लाना पड़ेगा।
प्रियंका गांधी ने इस मौके पर शिवराज सरकार के जल संसाधन मंत्री और कमलनाथ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे तुलसीराम सिलावट पर भी तीखा हमला किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि कोविड के समय पर मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तुलसीदास सिलावट बेंगलुरु के रिसोर्ट में सरकार की खरीद फरोख्त करने में व्यस्त थे। जब कमलनाथ जी शुद्ध के खिलाफ युद्ध छेड़ने का काम कर रहे थे तब तुलसी सिलावट जी चुनी हुई सरकार में मिलावट करने का काम कर रहे थे।
लाड़ली बहना योजना को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने महिलाओं को दो महीने पहले बताया कि वह लाडली बहने हैं मैं शिवराज सिंह चौहान से पूछती हूं कि क्या इससे पहले बहनें लाडली नहीं थी क्या? क्या इससे पहले बहनें संकटों का सामना नहीं कर रही थी?, क्या वह संघर्ष नहीं कर रही थी, क्या उन्हें जरूरत नहीं थी? मैं अपनी बहनों को सतर्क करना चाहूंगी कि जिस मुखिया ने 18 सालों में आपके लिए कुछ नहीं किया वह चुनाव के पहले आपको लाडली बहन योजना लाकर कुछ लेना ही चाहते हैं ना कि देना चाहते हैं। मैं अपनी बहनों से कहना चाहती हूं कि ऐसी सरकार चुनिए जो आपके लिए सही नियत के साथ काम करे।
![](https://joshhosh.com/wp-content/uploads/2023/11/sanver-2-1024x378.jpg)
महंगाई को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि दिवाली का समय है, लेकिन महंगाई इतनी है कि क्या वह कुछ खरीद पाएगी इस त्यौहार में या नहीं, 15 महीने की कांग्रेस की सरकार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कांग्रेस की सरकार ने 100 रू में 100 यूनिट बिजली दी थी, कांग्रेस की सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 600 रूपये करने का काम किया था, हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ करने का काम किया था, हजार गौशालाओं का निर्माण किया था, भोपाल और इंदौर में मेट्रो लाने का काम किया। ओबीसी आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया, साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर समान वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया।
अपने संबोधन के अंत में प्रियंका गांधी ने कहा कि अब समय आ गया है कि आप अपने विवेक का सही उपयोग करें और जिस तरह से कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक और हिमाचल में जनता के हित में काम कर रही है, उसी तरह से आपके लिए भी काम करे। इसके लिए जरूरी है कि आप कांग्रेस का समर्थन कर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है इस बार आप लोग कांग्रेस की सरकार बनाने वाले हैं। मुझे केवल उम्मीद ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि जब आप सोच समझकर अपने खुद के विकास के लिए वोट देंगे तो आपका वोट एक ही जगह जाएगा वह वोट कांग्रेस को जाएगा। कांग्रेस की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का काम भी आप करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि वे कहते है कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया? लेकिन नरेंद्र मोदी जी की इंटर पॉलिटिकल साइंस की डिग्री कांग्रेस के द्वारा दिए गए कंप्यूटर पर ही छपी है। आप मोदी जी से पूछिएगा की आज इन्होंने सभी सरकारी कंपनियों को अपने उद्योगपति मित्रों को क्यों बेच दी है? देश में AIIMS, IIT, बड़े अस्पताल नेहरू जी की सोच की वजह से हैं। जो नेहरू जी ने बनाया, जनता की मेहनत से बना और जहां से रोजगार मिलते थे, सभी अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। BHEL के बारे में पूछिएगा मोदी जी से।
![](https://joshhosh.com/wp-content/uploads/2023/11/sanver-3.jpg)
सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मैं सावेर को आज गोद लेने आया हूं. यहां पर गुंडागर्दी करने वालों को मैं बताना चाहता हूं कि कल के बाद परसों भी आता है और कमलनाथ अब 2018 के मॉडल नहीं है 2023 के मॉडल हैं। शिवराज सिंह चौहान की 18 साल की सरकार ने प्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेता किसानों की बात नहीं करते, युवाओं के रोजगारों की बात नहीं करते, महिला सुरक्षा की बात नहीं करते हैं।
कमलनाथ ने आगे कहा कि 18 सालों में शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश को भ्रष्टाचार दिया, युवाओं की भर्ती में घोटाले दिए, महंगाई दी और घर-घर में शराब देने का काम किया। शिवराज सिंह चौहान की झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है। 17 तारीख को होने वाला चुनाव केवल एक उम्मीदवार का चुनाव नहीं है, किसी एक पार्टी का चुनाव नही है, यह युवाओं, किसानों और महिलाओं के भविष्य का चुनाव है।