MP

जज्बातों को उकसा जरुरत को नकार रही सियासत, अपने लिए डालिये वोट

जबलपुर में प्रियंका गांधी ने किया विधानसभा चुनाव का शंखनाद

जबलपुर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को जबलपुर से एमपी विधानसभा चुनाव 2023 का शंखनाद कर दिया। प्रदेश के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में जबलपुर में प्रियंका गांधी ने गौरी घाट पर नर्मदा मां का पूजन करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। अपने सम्बोधन में प्रियंका गांधी ने केंद्र और मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही कांग्रेस की पांच गारंटियों पर भी मुहर लगाई।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं किसी की आलोचना करने नहीं आई। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरुकता मांगने आई हूं। मैं चाहती हूं कि मैं जो देख रही हूं वह आपको भी दिखे। यह हमारे प्रचार की शुरुआत है। आपके पास 6 महीने हैं। इन 6 महीनों में देखिए कांग्रेस की सरकारें अपने प्रदेश में क्या कर रही हैं। अपना वोट अपने लिए डालिए।

प्रियंका ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि BJP सरकार के केंद्र में 9 साल और मध्यप्रदेश में 18 साल हो गए, ये राजनीति आपकी जरूरतों को नकार रही है। आपके जज्बातों को उकसाया जाता है। हमारे लिए हमारा धर्म सर्वोपरि है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पब्लिक को बहकाया जाए। पब्लिक के जज्बात उभारकर वोट मांगा जाए। कोई नेता, राजनीतिक दल ऐसा कर रहा है, तो आप उनकी आदत बिगाड़ रहे हो। वे तो बिगड़े हैं ही।

प्रियंका गांधी ने आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है। धन-बल से जनादेश को कुचला जाता है। पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली।अफसोस कि कुछ नेता हमारे भी ऐसे थे जो पैसे के लिए छोड़कर चले गए।

भ्रष्टाचार, घोटाले और महंगाई के मुद्दे पर प्रियंका गांधी ने कहा कि इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा। एक पुजारी ने मुझे वीडियो भेजा। वह कह रहे हैं, हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। जितनी बड़ी लिस्ट मोदी जी ने गालियों की दिखाई थी, उससे बड़ी लिस्ट शिवराज जी के घोटालों की है।

इस मौके पर कांग्रेस ने प्रियंका ने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। ये गारंटी हैं, घोषणा नहीं। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने पहली कैबिनेट में ही इसका बिल पास कर दिया।

  • हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे।
  • गैस सिलेंडर 1000 का नहीं, 500 रुपए का मिलेगा।
  • 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हॉफ होगी।
  • मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।
  • कमलनाथ की सरकार ने किसान कर्जमाफी की थी। बचे हुए किसानों की कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।

पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं शिवराज सिंह को नाचने, गाने और कलाकारी में नहीं हरा सकता। उन्हें मैं घोषणाओं ने नहीं हरा सकता। मैं सच्चाई में उन्हें हरा सकता हूं। मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। शिवराज सिंह ने हमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार में नंबर-1 प्रदेश सौंपा। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया।

Back to top button