MP

सिंधिया के गढ़ में प्रियंका की हुंकार, ग्वालियर स्वागत को तैयार

पहली बार गांधी परिवार का कोई सदस्य सिंधिया के गढ़ में ठोंकने जा रहा ताल

ग्वालियर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में ‘जन आक्रोश रैली को संबोधित करेंगी। रैली में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। महारानी लक्ष्मीबाई की बलिदान भूमि ग्वालियर में प्रियंका गांधी की इस रैली को विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

सियासी पंडितों की इस रैली पर इसलिए भी नज़र है क्योंकि ये पहली बार है जब गांधी परिवार का कोई सदस्य सिंधिया के गढ़ में ताल ठोंकने जा रहा है। अभी तक ऐसा कभी नहीं हुआ जब गांधी परिवार के किसी सदस्य ने सिंधिया के गढ़ में आकर उन्हें सीधी चुनौती दी हो।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रियंका गांधी के ग्वालियर आगमन को प्रदेश के लिए उत्साहित करने वाला बताया है। उन्होंने ट्वीट किया- महारानी लक्ष्मीबाई की बलिदान भूमि ग्वालियर में कांग्रेस महासचिव माननीय प्रियंका गांधी का हार्दिक अभिनंदन है। कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता और मध्य प्रदेश की जनता आपके स्वागत के लिए उत्सुक है।

प्रियंका अपने प्रवास की शुरुआत वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ करेंगी। इसके बाद वे मेला ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित करेंगी। सभा के लिए तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रियंका के साथ पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत दूसरे बड़े नेता होंगे। दूसरे मंच पर प्रदेश के नेता, पदाधिकारी रहेंगे। तीसरे मंच पर कांग्रेस के सांसद, विधायक व महापौर रहेंगे।

राज्य में कुल 230 विधानसभा सीटों में से ग्वालियर चंबल अंचल में विधानसभा की 34 सीट हैं। ग्वालियर कांग्रेस के लिहाज से प्रदेश के बेहद अहम क्षेत्रों में से एक है। बीते चुनाव में कांग्रेस को यहाँ खासी सफलता मिली थी। प्रियंका गांधी का 40 दिनों में यह मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 12 जून को जबलपुर गई थी, जहां उन्होंने नर्मदा पूजन कर एक विशाल सभा को संबोधित किया था।

Back to top button