MP

BJP में सम्मान नहीं, सिंधिया के करीबी राकेश गुप्ता की कांग्रेस में घर वापसी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राकेश गुप्ता की कांग्रेस में कराई घर वापसी

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच भाजपा से मोहभंग होने वाले नेताओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इन नेताओं में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक भी शामिल हैं। सोमवार को सिंधिया के करीबी और उनकी संसदीय क्षेत्र रहे शिवपुरी के भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कांग्रेस में घर वापसी कर ली।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राकेश गुप्ता और उनके समर्थकों को कांग्रेस की कांग्रेस में वापसी कराई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद राकेश गुप्ता ने कहा कि वह भाजपा में जाने के बाद वह अपने आपको ठगा महसूस कर रहे थे। भाजपा में उनका कोई सम्मान नहीं था। भाजपा जो कहती है वो कभी नहीं करती वहीं कांग्रेस ने जो कहा उसे करके दिखाया।

वहीं इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि राकेश गुप्ता और उनके साथ आये साथियों ने कांग्रेस का नहीं बल्कि सच्चाई का साथ दिया है। कमलनाथ ने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश का भविष्य अंधकारमय कर दिया है।

राकेश गुप्ता शिवपुरी में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2020 में सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने के बाद राकेश गुप्ता भी उनके साथ जाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब उन्होंने अपनी गलती स्वीकारते हुए कांग्रेस में घर वापसी कर ली है।

राकेश गुप्ता का परिवार कांग्रेस से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय सांवलदास गुप्ता शिवपुरी नगर पालिका के तीन बार अध्यक्ष रहे हैं और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में 30 हजार वैश्य वोटरों को देखते हुए कांग्रेस उन्हें उम्मीदवार बना सकती है। इससे पहले सिंधिया के एक और करीबी नेता रहे बैजनाथ यादव ने भी भाजपा छोड़ अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का हाथ थाम लिया था।

Back to top button