MP

विंध्य में BJP को फिर झटका, कटनी के कद्दावर नेता ने थामा कांग्रेस का हाथ

विधायक संजय पाठक के करीबी संदीप बाजपेयी ने साथियों सहित भाजपा छोड़ कांग्रेस की ली सदस्यता

भोपाल (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी भाजपा से उसके नेताओं के मोहभंग होने का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा के लिए विंध्य क्षेत्र खासकर एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। मंगलवार को भी विंध्य क्षेत्र में भाजपा को झटका लगा। कटनी के कद्दावर नेता संदीप बाजपेयी ने अपने साथियों सहित भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने संदीप बाजपेयी और उनके साथियों को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई। संदीप बाजपेयी के साथ, जनपद सदस्य राजकुमारी, कालूराम दाहिया, छत्रपाल सिंह, नारायण कोल, अनिल रजक, सरपंच चंद्रभान यादव, उपसरपंच रमेश मिश्रा और सिंगौरी के भाजपा के महामंत्री सुनील सिंह बघेल ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

संदीप बाजपेयी और उनके साथियों के अलावा गौड़वाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी रहे रम्मू कुलस्ते और प्रदेश महासचिव कमलेश कोकडिया ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इन सभी को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों को अपनाकर लोग पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

कमलनाथ ने कहा कि भाजपा राज में हर वर्ग परेशान और प्रताड़ना की शिकार है। चार महीने बाद विधानसभा के चुनाव होना है जो इस प्रदेश का भविष्य तय करेगा। प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने हैं। आप इस प्रदेश की कैसी तस्वीर बनाना चाहते है, आप सभी प्रदेश का संस्कृति के रक्षक हैं आपको अपने भविष्य का रक्षक भी बनना है।

संदीप बाजपेयी को विधायक संजय पाठक का करीबी माना जाता था। विधायक संजय पाठक कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे, ऐसे में अब उनके समर्थकों का भी भाजपा से मोहभंग होता दिखाई दे रहा है। संदीप बाजपेयी से पहले कटनी जिले में विजयराघवगढ़ विधानसभा से पूर्व विधायक ध्रुव प्रताप सिंह और बहोरीबंद के प्रभावशाली नेता शंकर महतो भी बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

Back to top button