MP

हिंदू उत्सव समिति चुनाव में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संतोष साहू की जीत, BJP को झटका?

परिणाम को शहर ही नहीं प्रदेश की सियासत से भी जोड़कर देखा जा रहा

भोपाल (जोशहोश डेस्क) राजधानी भोपाल की प्रतिष्ठित संस्था हिंदू उत्सव समिति के नए अध्यक्ष संतोष साहू चुने गए हैं। संतोष साहू जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी हैं। भोपाल में हिंदुओं की सबसे बड़ी समिति के अध्यक्ष पद का चुनाव न केवल हिंदू राजनीति बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति को प्रभावित करता है। ऐसे में परिणाम को शहर ही नहीं प्रदेश की सियासत से भी जोड़कर देखा जा रहा है और चुनाव नतीजे को भाजपा के लिए झटका माना जा रहा है।

हालांकि यह चुनाव पूरी तरह गैर राजनीतिक आधार पर होता है लेकिन प्रदेश की सियासत के कई दिग्गज नेता समिति के सदस्य हैं। साथ ही संघ परिवार तक की सक्रियता भी चुनाव में देखी जाती रही है। ऐसे में चुनाव के सियासी मायने निकाले ही जाते हैं। भाजपा और संघ परिवार हिंदुओं की सबसे बड़ी समिति में न तो अपना उम्मीदवार लड़ा सके और न जो लड़ा उसको जीता सके। इसलिए परिणाम को भाजपा के लिए झटका माना जा रहा है।

चुनाव में पहले नंबर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी के समर्थक संतोष साहू रहे और दूसरे नंबर पर कमलनाथ के समर्थक कैलाश बेगवानी। हालांकि दिग्विजय सिंह के कुछ समर्थकों का समर्थन भी संतोष साहू को मिलने की बात कही जा रही है।

बड़ी बात यह है कि इन चुनावों में भाजपा कहीं नहीं दिखी। ना भाजपा संगठन न संघ परिवार। कहा जा रहा है कि भाजपा और संघ परिवार इस पूरे चुनाव में सत्ता सुख और आपसी गुटबाजी के चलते पूरी तरह रुचि नहीं ले पाए। समिति के पहले दो स्थानों पर जहाँ कांग्रेस नेता रहे वहीं तीसरे नंबर पर भी बजरंग दल से अलग होकर रामदल बनाने वाले हेमंत कुशवाह रहे।

चुनाव ने भाजपा के मूल कार्यकर्ता घनश्याम दास गुप्ता ने खुद को भाजपाई साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कहा जा रहा है कि चुनाव से एक दिन पहले उनके समर्थन में वोटिंग की अपील भी पार्टी की ओर से जारी हुई लेकिन वह 300 वोट भी प्राप्त नहीं कर सके और चौथे नंबर पर आए।

गौरतलब है कि संतोष साहू ने श्रीराम मंदिर हमीदिया रोड में हुए चुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समिति के पूर्व अध्यक्ष कैलाश बेगवानी को 785 मतों से पराजित किया है। साहू को कुल 1877 और बेगवानी को 1092 मत मिले है। हेमंत कुशवाह को 882, घनश्यामदास गुप्ता को 246 और दिनेश शर्मा को 161 मत मिले।समिति के कुल 8880 में से 4369 लोगों ने मतदान किया था।

समिति के 6 साल बाद हुए चुनाव में मतदान सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चला। रात 8 बजे मतों की गिनती शुरू हुई। गिनती कुल 9 राउंड में की गई थी। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता दीपेश श्रीवास्तव ने रात 11.50 बजे संतोष साहू को अध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित कर उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा।

Back to top button