MP

सीधी बस हादसा : 42 शव मिले, पेपर देने जा रहे छात्र-क्रिकेट टीम डूबी

बस में सीधी से सतना जाने के लिए कई युवा सवार हुए थे। इनमें से अधिकतर युवक रेलवे भर्ती की परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार को सुबह बड़ा बस हादसा हो गया। 54 यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिर गई। अब तक 42 शव निकाले जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि 6 लोग बचा लिए गए हैं। ड्राइवर खुद तैरकर बाहर आ गया था, उसे हिरासत में ले लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या 45 से ज्यादा होने की आशंका है। कुछ शवों के बहने की बात भी कही जा रही है।

हादसा मंगलवार की सुबह करीब 7.30 रामपुर के नैकिन इलाके में हुआ। बस सीधी से सतना जा रही थी। बस जिस नहर में गिरी उसकी गहराई 20 से 22 फीट बताई जा रही है। जिस वक्त हादसा हुआ उस वक्त नहर में पानी का बहाव तेज था, इस वजह से यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।  

अधिकतर छात्र थे बस में सवार

बस में सीधी से सतना जाने के लिए कई युवा सवार हुए थे। इनमें से अधिकतर युवक रेलवे भर्ती की परीक्षा में शामिल होने जा रहे थे। कुछ युवक क्रिकेट मैच खेलने के लिए सतना जा रहे थे। यह क्रिकेट टीम भी बस में सवार थी। इस वजह से आम दिनों की तुलना में आज बस में ज्यादा लोग सवार थे।

4 घंटे बाद निकाल पाए बस

बस सुबह सीधी से सतना के लिए रवाना हुई थी। करीब सीधी से 60 किलो की दूरी पर यह हादसा हो गया। नहर में पानी अधिक होने की वजह से बस पूरी तरह से उसमें डूब गई थी। यह नहर उत्तरप्रदेश और बिहार के लिए जाती है। इसमें बाण सागर डैम से तेजी से पानी आ रहा था। घटना के लगभग 4 घंटे बाद क्रेन से बस निकाली गई। बताया जा रहा है कि बस निकालते वक्त भी कुछ शवों के बहे हैं।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान

घटना की जानकारी लगते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी कलेक्टर से घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए और बाण सागर डैम से नहर की ओर आ रहे पानी को रोकने की बात कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।  

Back to top button