MP

शिवशंकर पटेरिया का निधन, जहर खाकर किया था जान देने का प्रयास

वन विकास निगम मंडल के पूर्व अध्यक्ष शिवशंकर पटेरिया ने 9 फरवरी को की थी आत्महत्या की कोशिश, भोपाल में इलाज के दौरान मौत।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) वन विकास निगम मंडल के पूर्व अध्यक्ष शिवशंकर पटेरिया (मुन्ना भैया) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। शिवशंकर पटेरिया ने 9 फरवरी को कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की थी। भोपाल के निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

61 वर्षीय शिवशंकर पटैरिया ने सागर जिले के मंडी बामोरा में जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उन्हें पहले बीना फिर सागर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तबियत बिगड़ने पर उन्हें भोपाल शिफ्ट किया गया था। जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

जहर खाने से पहले पटैरिया ने सोशल मीडिया पर मैसेज डाला था, परिजनों को भी यह मैसेज उन्होंने भेजा था कि यह मेरी आखिरी रात होगी। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई थी। कुछ देर बाद वे एक मंदिर के पीछे बगीचे में बेहोशी की हालत में पाए गए थे।

वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष शिवशंकर पटैरिया पूर्व वित्त मंत्री राघव जी से जुड़े सीडी कांड के बाद चर्चा में आए थे। नवंबर 2020 में मंडी बामौरा में एक युवक पर गोली चलाने के आरोप पर उनके खिलाफ हत्या के प्रयास (307) का मामला दर्ज किया गया था। वह लंबे समय तक जेल में रहने के बाद जमानत पर थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह जेल से आने के बाद से ही काफी तनाव में थे। वे अभी भाजपा से निलंबित थे।

शिवशंकर पटेरिया को उमा भारती का करीबी माना जाता था। उमा भारती के कार्यकाल में ही पटेरिया वन विकास निगम मंडल के अध्यक्ष बनाये गए थे। शिवशंकर पटेरिया बुधनी विधानसभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ चुनाव भी लड़ चुके थे।

Back to top button