Politics

मोदी जी कह रहे कर्नाटक में विकास लाऊंगा… तो अभी तक क्या कर रहे थे?

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला

बेंगलुरु (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार अब अपने पूरे शबाब पर है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए जनसभाओं को संबोधित किया वहीं कांग्रेस के लिए प्रियंका गांधी ने मैदानी मोर्चा संभाला। प्रियंका गांधी ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला भी बोला।

बीदर और इंडी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का हवाला देते हुए कहा कि आज तो मुझे ताज्जुब हुआ। यहां आते हुए देखा कि प्रधानमंत्री मोदी जी कह रहे हैं मैं कर्नाटक में विकास लाऊंगा। में जानना चाहती हूँ कि विकास करने से आपको किसने रोका था? अभी तक आप क्या कर रहे थे?

प्रियंका गांधी ने आगे सवाल उठाया कि जब आपकी ही सरकार जनता को 40% की सरकारा बनकर लूट रही थी, तब आप क्या कर रहे थे? सपना देख रहे थे?” प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि मोदी जी कर्नाटक में आकर कहते हैं, मेरा सपना था, कर्नाटक को देश में व‍िकास की म‍िसाल बनाऊं। ताज्जुब की बात है- आपकी सरकार थी तो सपना पूरा क्‍यों नहीं क‍िया?

इंडी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने जनता से सवाल किया कि जब से बीजेपी सरकार आई है, क्या आपके (जनता के) जीवन में कोई तरक्की आई? पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हए प्रियंका गांधी ने कहा कि आपके सामने आपके मुद्दों पर बात नहीं करते, ये खुद की बात करते हैं। ये जो नंदिनी आपने बनाई, BJP वाले धीरे-धीरे नंदिनी को खत्म कर देंगे।

दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मूडबिद्री में चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने अपने सम्बोधन के दौरान जनता से बजरंग बली के जयकारे लगवाए। पीएम ने खुद भी भाषण से पहले तीन बार बजरंगबली का जयकारा लगाया, फिर संबोधन खत्म होने के बाद तीन बार जनता से बजरंगबली की जय-जयकार करवाई।

Back to top button