MP

कमलनाथ जी आपको CM की कुर्सी पर देखना है, शपथ ग्रहण की तारीख बताइये

पांढुर्णा में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह में बोले आदित्य ठाकरे

छिंदवाड़ा (जोशहोश डेस्क) कमलनाथ जी सभी को अपना मानते हैं। मध्यप्रदेश की जनता के लिए मुझे कमलनाथ जी आपको CM की कुर्सी पर देखना है, शपथग्रहण की तारीख और समय बताइये। यह बात पांढुर्णा में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल आदित्य ठाकरे ने कही।

शुक्रवार को पांढुर्णा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे के बेटे पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्य उद्धव ठाकरे ने कहा कि मध्यप्रदेश के भावी मुख्यमंत्री कमलनाथ जी सभी को अपना मानकर मदद करते हैं। कमलनाथ जी परिवार के मुखिया जैसे सभी का हाल-चाल, सुख-दुख पूछते रहते हैं। मैं और हम सभी आपको मुख्यमंत्री की कुर्सी में फिर से देखना चाहते हैं।

आदित्य ठाकरे ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सौदेबाजी करके जनता द्वारा चुनी गई सरकार गिरा दी गई, इसी तरह से मध्य प्रदेश एवं कर्नाटक में भी खरीद फरोख्त करके सरकारें गिराई गई। कर्नाटक की जनता ने गलत तरीकों से सरकार बनाने वालों को सबक सिखा दिया है और अब मध्यप्रदेश की बारी है। मध्य प्रदेश की जनता को एक बार पुनः कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाना होगा।

https://x.com/INCMP/status/1705171511760269781?s=20

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। हम सभी को शिवाजी महाराज से सीखना होगा, कैसे संघर्ष किया जाए, कैसे लोकशाही के साथ शिवशाही की स्थापना की जाए। आने वाले चुनाव में हम सभी को सतर्क रहना होगा और मुझे पूरा विश्वास है की मध्य प्रदेश की जनता अपने वोट का सही उपयोग करेगी और सच्चाई का साथ देगी।

कमलनाथ ने आगे कहा कि आज मध्य प्रदेश के लिए सबसे बड़ी चिंता यहां बढ़ती बेरोजगारी की है, प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि जिनके हाथ में मध्य प्रदेश के निर्माण की चुनौती है वह कैसे मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे, जब उनका खुद का भविष्य सुरक्षित नहीं रहेगा। शिवराज सिंह जी ने भाजपा की 18 साल की सरकार में मध्य प्रदेश को बेरोजगारी में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन, आदिवासी अत्याचार में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, बना दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि आज प्रदेश का हर नागरिक या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या गवाह। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की एक ऐसी व्यवस्था बनाई है कि पैसा दो और काम लो। जिसके कारण मध्य प्रदेश में निवेश नहीं आता है। आज मध्य प्रदेश पर किसी का भरोसा नहीं है जबकि मध्य प्रदेश पांच प्रदेशों से घिरा हुआ है। मैंने छिंदवाड़ा जिले में सबसे ज्यादा स्किल डेवलपमेंट सेंटर खुलवाए हैं और मेरी कोशिश रही है कि मैं ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार दिलवा सकूं।

कमलनाथ ने पांढुर्ना के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि हमने केवल आवागमनों के साधनों का विकास नहीं किया, बल्कि विकास कार्यों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ। कमलनाथ ने आगे कहा कि आज प्रश्न किसी पार्टी का नहीं है किसी उम्मीदवार का नहीं है बल्कि मध्य प्रदेश के भविष्य का है। उन्होंने मध्य प्रदेश में अपनी सरकार गिरने को लेकर कहा कि वह भी मुख्यमंत्री थे। चाहते तो सौदा कर सकते थे परंतु मध्य प्रदेश की पहचान सौदे की राजनीति से नहीं बनाना चाहते थे।

भाजपा पर सवाल उठाते हुए कमलनाथ ने कहा कि आज समय आ गया है कि भाजपा की राजनीति को समझने का। भाजपा की राजनीति बांटने की राजनीति है। यही भाजपा 2014 में नए-नए नारे दिया करती थी, तरह-तरह के वादे करती थी हम यह कर देंगे हम वह कर देंगे लेकिन जब 2019 का चुनाव आया तो उन्होंने अपने किए गए वादों पर बात नहीं की, बल्कि जनता का ध्यान भटकाकर राष्ट्रवाद की बात करने लगे, सर्जिकल स्ट्राइक बताने लगे, तो हम सभी को भाजपा की इस ध्यान भटकाने की राजनीति को समझना होगा।

Back to top button