Politics

कमलनाथ ने पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मलेन में दिया चुनावी जीत का मंत्र

कमलनाथ ने कहा कि जिन 60-70 प्रतिशत लोगों के वोट आपको नहीं मिल पाए, उन्हें अपने साथ जोड़िए। अगर आप ऐसा कर सके तो कांग्रेस का परचम जरूर फहरेगा

भोपाल (जोशहोश डेस्क) चुनावी साल में कांग्रेस ने गांव-गांव तक अपने संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में सोमवार को इस सिलसिले में कांग्रेस ने पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन का आयोजन किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पंचायत जनप्रतिनिधियों को साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र भी दिया।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता का पूरा दुरुपयोग किया लेकिन इसके बाद भी आप जीत कर आए हैं। सत्ता की ताकत से संघर्ष कर जीतना कितना चुनौतीपूर्ण था यह समझा जा सकता है। अब हमें स्थानीय स्तर पर सक्रिय रहकर भाजपा को आगामी चुनाव में हराने का संकल्प लेना है और अगर हम संघर्ष करते हैं तो कोई ताकत हमें जीत के लिए नहीं रोक सकती।

विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देते हुए कमलनाथ ने कहा कि आपको जिनके वोट पंचायत चुनाव में नहीं मिले, उनसे भी मिलना है। उन्हें बीजेपी की तरफ नहीं जाने देना है। आप सबको समेटिए, साथ लेकर चलिए। जिन 60-70 प्रतिशत लोगों के वोट आपको नहीं मिल पाए, उन्हें अपने साथ जोड़िए। अगर आप ऐसा कर सके तो विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का परचम जरूर फहरेगा।

कमलनाथ ने आगे कहा कि पंचायत चुनाव में आपके ऊपर पुलिस, पैसा, प्रशासन का दबाव था। BJP के पास इनके अलावा कोई उपाय नहीं है। ये ध्यान रहे कि 7- 8 महीने बाद BJP के पास कुछ नहीं बचेगा। 7-8 महीनों में आपको भी आक्रमक होना पड़ेगा। सरकारी अधिकरियों, कर्मचारियों को आपको यह बताना होगा कि हम भी हिसाब लेंगे, हमारी भी चक्की चलेगी और बहुत बारीक पीसेगी।

पंचायती राज को लेकर कमलनाथ ने कहा, राजीव गांधी ने पंचायती राज दिया। दिग्विजय सिंह की सरकार ने पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकार दिए। कांग्रेस की सरकार आएगी, तो महात्मा गांधी के सपने और राजीव गांधी के बनाए कानून का क्रियान्वयन करेंगे।

कमलनाथ ने अपने कार्यकाल के बारे में कहा कि जब प्रदेश में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी, तो कई चुनौतियां थीं। 15 महीने में हमने नीति और नीयत का परिचय दिया। पहली किश्त में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। हमने माफिया के खिलाफ अभियान चलाया, मिलावट के खिलाफ युद्ध चलाया।

वर्तमान हालातों पर कमलनाथ ने कहा कि अब हम रोजगार की बात करते हैं, तो बीजेपी राष्ट्रवाद ले आती है। ये हमें राष्ट्रवाद सिखाएंगे। मैं पूछता हूं, एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का नाम बताएं, जो उनके साथ जुड़ा हो? बीजेपी के लोग पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि जिस स्कूल में मोदी, शिवराज पढ़े हैं, वो स्कूल भी कांग्रेस ने बनवाए हैं।

पंचायती राज सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, अभा कांग्रेस के सचिव सहप्रभारीगण संजय कपूर, सी.पी. मित्तल, सुधांशु त्रिपाठी, कुलदीप इंदौरा, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, सुरेन्द्र चौधरी, उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, महेंद्र जोशी, विभा पटेल, जे.पी. धनोपिया डॉ. महेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

Back to top button