Politics

ओपिनियन पोल: कर्नाटक में कांग्रेस की वापसी, सत्ता से बेदखल होगी BJP

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक में विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। चुनाव आयोग ने बुधवार को राज्य में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। चुनाव के ऐलान के साथ ही सियासी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं वहीं न्यूज़ चैनलों पर ओपिनियन पोल भी आना शुरू हो गए हैं। एबीपी न्यूज़ के लिए सी वोटर ओपिनियन पोल के मुताबिक़ राज्य में कांग्रेस सत्तारूढ़ भाजपा को पटखनी देती नज़र आ रही है।

एबीपी न्यूज़ के लिए सी वोटर ओपिनियन पोल के मुताबिक, कर्नाटक में सबसे ज्यादा सीटें कांग्रेस को मिलने के अनुमान है। ओपिनियन पोल में कांग्रेस को 115-127 सीटें मिलती नजर आ रही हैं वहीं बीजेपी 68-80 सीटों पर सिमटती नज़र आ रही हैं। जेडीएस को 23-35 सीटें और अन्य को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान बताया गया है।

इससे पहले लोक पोल ने भी राज्य में कांग्रेस के सत्ता में वापसी के संकेत दिए हैं। लोक पोल के मुताबिक़ कांग्रेस को 116 से 122 और भाजपा को 77 से 83 सीटों का अनुमान बताया है। इस पोल में JDS को 21-27 सीटें मिलने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि कर्नाटक में एक चरण में 10 मई को मतदान होगा और चुनाव नतीजों की घोषणा 13 मई को होगी। चुनाव तारीखों का ऐलान मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। कर्नाटक में मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल 24 मई को खत्म हो रहा है। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं। अगर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव की बात की जाये तो भाजपा ने 104, कांग्रेस ने 80 और जेडीएस ने 37 सीटें जीती थीं।

Back to top button