Politics

दमोह में कल प्रियंका की आंधी, बुंदेलखंड में करेंगी कांग्रेस का झंडा बुलंद

पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ आमसभा को संबोधित करेंगी प्रियंका गांधी

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्य प्रदेश विधानसभा चुना के लिए प्रचार रंग पकड़ने लगा है। शनिवार को भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेता प्रदेश में होंगे। कांग्रेस के प्रचार अभियान को धार देने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 28 अक्टूबर को दमोह आ रही हैं। यहां प्रियंका पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ आमसभा को संबोधित करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर बताया कि वे दिल्ली से विशेष विमान से जबलपुर पहुंचेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के साथ वे हेलीकाप्टर द्वारा जबलपुर से प्रस्थान कर 11.20 बजे दमोह पहुंचेंगी और 11.45 बजे कांग्रेस द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी।

प्रियंका गांधी की सभा से कांग्रेस बुंदेलखंड में अपनी जमीन मजबूत करने की रणनीति पर फोकस कर रही है। बुंदेलखंड इलाके में विधानसभा की 26 सीटें आती हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में इन 26 सीटों में से 17 पर बीजेपी को और सात पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के खाते में भी एक-एक सीट आई थी।

अब कांग्रेस को भाजपा में सत्ता वापसी से रोकने के लिए बुंदेलखंड में अपने प्रदर्शन में सुधार की जरुरत है। ऐसे में प्रियंका गांधी की दमोह दौरा कांग्रेस की उम्मीदों के लिए बेहद अहम है। प्रियंका गांधी ने बुंदेलखंड से सटे हुए महाकौशल से ही मध्यप्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद वे ग्वालियर चंबल और मालवा अंचल में भी सभा कर चुकी हैं।

Back to top button